---Advertisement---

प्राणी शास्त्र विभाग, रेवती रमण मिश्र पीजी कॉलेज सूरजपुर के विद्यार्थियों ने BHU का किया शैक्षणिक भ्रमण, प्रयोगशालाओं का लिया प्रत्यक्ष अनुभव

Follow Us
Spread the love

सूरजपुर- नगर के शासकीय रेवती रमण मिश्र पी.जी. महाविद्यालय, सूरजपुर के प्राणी शास्त्र विभाग के स्नातकोत्तर द्वितीय एवं चतुर्थ सेमेस्टर विद्यार्थियों ने विभागीय शिक्षकों के साथ 25 जुलाई को बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (बी.एच.यू), वाराणसी का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस भ्रमण का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को आधुनिक प्रयोगशालाओं, अनुसंधान सुविधाओं एवं वैज्ञानिक कार्यप्रणाली का प्रत्यक्ष अनुभव कराना था। विभागाध्यक्ष डॉ. चंदन कुमार ने बताया कि इस प्रकार के भ्रमण से विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा एवं शोध के क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों की समझ विकसित होती है। बी.एच.यू के प्राणी शास्त्र विभाग में विद्यार्थियों ने अकशेरुकी एवं कशेरुकी कार्यात्मक शरीर रचना विज्ञान प्रयोगशाला, कीट विज्ञान प्रयोगशाला, मॉलिक्युलर बायोलॉजी प्रयोगशाला, जीवाणु विज्ञान प्रयोगशाला, जैव रसायन एवं आणविक जीवविज्ञान प्रयोगशाला, केंद्रीय प्रयोगशाला, जंतु विज्ञान संग्रहालय एवं पुस्तकालय का भ्रमण किया। भ्रमण के दौरान शोध विद्वानों ने ‘ड्रोसोफिला कल्चर प्रयोगशाला’ में विद्यार्थियों को फूड प्रिपरेशन, ड्रोसोफिला स्टॉक्स के संरक्षण एवं अनुसंधान की प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। साथ ही प्रयोगशाला उपकरणों का प्रत्यक्ष प्रयोग एवं शोध विधियों की विस्तृत जानकारी भी प्रदान की गई। इसके पश्चात विद्यार्थियों ने डेयरी साइंस एवं फूड टेक्नोलॉजी विभाग का भी भ्रमण किया, जहाँ उन्हें गौ वंश के रख रखाव, आधुनिक दुग्ध उत्पादन तकनीक, डेयरी एवं खाद्य प्रसंस्करण की आधुनिक तकनीकों से अवगत कराया गया। इस दौरान विद्यार्थियों और शोध विद्वानों के बीच शोध विषयों पर सार्थक चर्चा एवं संवाद भी हुआ।

प्रयोगशाला भ्रमण के बाद विद्यार्थियों ने बी.एच.यू स्थित प्रसिद्ध भारत कला भवन का भ्रमण कर प्राचीन मूर्तियों, दुर्लभ पांडुलिपियों, चित्रकला, सिक्कों एवं ऐतिहासिक कलाकृतियों का अवलोकन किया। इसके साथ ही श्री काशी विश्वनाथ मंदिर और गंगा नदी स्थित अस्सी घाट पर आयोजित प्रसिद्ध गंगा आरती में भी सम्मिलित हुए। घाट क्षेत्र में विद्यार्थियों ने जैव विविधता का अध्ययन करते हुए संघ आर्थोपोडा के जीवों, सरीसृप एवं पक्षियों का अवलोकन किया। डॉ. चंदन कुमार ने विद्यार्थियों को प्रयोगशाला प्रबंधन, उपकरणों के उपयोग एवं सावधानियों के बारे में भी मार्गदर्शन दिया। कॉलेज प्रशासन के अनुसार यह शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों के लिए अत्यंत ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक सिद्ध हुआ। इससे विद्यार्थियों को आधुनिक अनुसंधान तकनीकों, प्रयोगशाला कार्य संस्कृति तथा उच्च शिक्षा के नए आयामों की महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई।

Related News

सूरजपुर की ताजा खबरे

क्राइम न्यूज़

Leave a Comment