29 जुलाई से 20 फरवरी 2027 तक देशभर में होंगे विविध कार्यक्रम; एमसीबी जिले के भाजपा जिला प्रभारी एवं पूर्व जिलाध्यक्ष बाबूलाल अग्रवाल ने पत्रकार वार्ता में साझा की अभियान की रूपरेखा
सूरजपुर। भारतीय जनता पार्टी संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज के 650वें जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में 29 जुलाई 2026 (गुरु पूर्णिमा) से 20 फरवरी 2027 (माघ पूर्णिमा) तक पूरे देश में ‘समरसता संकल्प अभियान’ संचालित करेगी। अभियान के तहत राष्ट्रीय, प्रदेश, जिला, मंडल एवं ग्राम स्तर तक सामाजिक समरसता, सद्भाव, सामाजिक न्याय एवं जनजागरण से जुड़े विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इस संबंध में आयोजित पत्रकार वार्ता में एमसीबी जिले के भाजपा जिला प्रभारी एवं पूर्व जिलाध्यक्ष बाबूलाल अग्रवाल ने अभियान की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज का जीवन सामाजिक समानता, समरसता, मानवता और सेवा का अनुपम संदेश देता है। उन्होंने कहा कि गुरु रविदास महाराज का ‘बेगमपुरा’ का दर्शन ऐसे समाज की परिकल्पना करता है, जहां किसी प्रकार का भेदभाव, अन्याय और दुख न हो। उनके विचार आज भी समाज के प्रत्येक वर्ग के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
उन्होंने बताया कि अभियान के तहत देशभर में चरणबद्ध तरीके से अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
समरसता दीप महोत्सव
29 जुलाई को गुरु पूर्णिमा की संध्या पर देशभर के मंदिरों में समरसता दीप महोत्सव मनाया जाएगा। इस अवसर पर 51 हजार से अधिक स्थानों पर दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे, जबकि वाराणसी स्थित संत रविदास घाट पर 11 हजार दीपों से विशेष दीपोत्सव आयोजित होगा।
कलश वंदन अभियान
29 जुलाई से 10 सितंबर तक गुरु रविदास महाराज की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर (वाराणसी) की पवित्र मिट्टी से भरे कलश प्रदेश, जिला, मंडल एवं ग्राम स्तर तक पहुंचाए जाएंगे। वाराणसी से 131 पवित्र कलश विभिन्न प्रदेशों के लिए रवाना किए जाएंगे, जिनके माध्यम से देशभर में लगभग 21 हजार कलश स्थापित किए जाएंगे।
संत संपर्क अभियान
29 जुलाई से 31 अगस्त तक भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता गुरु रविदास परंपरा से जुड़े संत-महात्माओं का सम्मान करेंगे तथा सामाजिक समरसता का संदेश जन-जन तक पहुंचाएंगे।
समरसता यात्रा
5 अक्टूबर से 5 नवंबर तक श्री गुरु रविदास महाराज समरसता यात्रा पंजाब के डेरा सचखंड बल्लां (जालंधर) से प्रारंभ होकर गुरु रविदास महाराज की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर (वाराणसी) तक पहुंचेगी। यात्रा पंजाब, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली सहित विभिन्न राज्यों से होकर गुजरेगी।
छात्रावास संपर्क अभियान
26 नवंबर 2026 से 15 जनवरी 2027 तक देशभर के छात्रावासों में युवाओं एवं विद्यार्थियों के साथ ‘समरसता संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि नई पीढ़ी गुरु रविदास महाराज के विचारों एवं आदर्शों से प्रेरणा प्राप्त कर सके।
बाबूलाल अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ का संकल्प संत गुरु रविदास महाराज के बताए मार्ग से प्रेरित है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह अभियान सामाजिक समरसता, सामाजिक न्याय, सद्भाव और राष्ट्रीय एकता को और अधिक सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
पत्रकार वार्ता के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष मुरली मनोहर सोनी, जिला महामंत्री शशिकांत गर्ग,जिला सयोजक देवधन बिंझीया,संतोष सोनी, हरीश राजवाड़े सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


















