चोरी, चाकूबाजी और नशे के कारोबार पर जताई गहरी चिंता; पूर्व मंत्रियों व विधायकों की मौजूदगी में अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की मांग।
सूरजपुर- जिला मुख्यालय में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं,बिगड़ती कानून-व्यवस्था और नशे के बढ़ते अवैध कारोबार को लेकर कांग्रेस ने गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए पुलिस अधीक्षक को विस्तृत ज्ञापन सौंपा कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने जिले में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण,आम नागरिकों की सुरक्षा तथा कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए तत्काल कठोर एवं व्यापक कार्यवाही की मांग की ज्ञापन में कहा गया कि पिछले कुछ समय से सूरजपुर जिले में चोरी, लूट, मारपीट, चाकूबाजी, महिलाओं के विरुद्ध अपराध, नशे के अवैध कारोबार सहित विभिन्न आपराधिक घटनाओं में लगातार वृद्धि देखने को मिल रही है इन घटनाओं के कारण आम नागरिकों में भय एवं असुरक्षा का वातावरण बन गया है तथा लोग स्वयं को सुरक्षित महसूस नहीं कर पा रहे हैं कांग्रेस ने हाल ही में शहर के नेहरू पार्क क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई गंभीर आपराधिक घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि इस घटना ने पूरे जिले को झकझोर दिया है।
सार्वजनिक स्थान पर हुई इस प्रकार की घटना से यह स्पष्ट होता है कि अपराधियों के मन से कानून का भय कम होता जा रहा है यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में अपराध की स्थिति और अधिक गंभीर हो सकती है ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि जिले के नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार चोरी की घटनाएं सामने आ रही हैं वहीं युवाओं के बीच नशीले पदार्थों की उपलब्धता और उनके अवैध कारोबार में बढ़ोतरी समाज के लिए गंभीर चिंता का विषय है कांग्रेस ने कहा कि नशे का फैलता जाल युवाओं के भविष्य को बर्बाद करने के साथ-साथ सामाजिक व्यवस्था को भी प्रभावित कर रहा है इसलिए इस अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई अत्यंत आवश्यक है प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस प्रशासन से मांग की कि जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए चोरी, लूट, चाकूबाजी एवं अन्य गंभीर अपराधों में संलिप्त आरोपियों की शीघ्र पहचान कर गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए तथा ऐसे मामलों में त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही की जाए कांग्रेस ने नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में विशेषकर रात्रिकालीन पुलिस गश्त बढ़ाने, संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित पेट्रोलिंग करने तथा पार्कों, बाजारों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर आवश्यकतानुसार सीसीटीवी निगरानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की इसके साथ ही महिलाओं एवं छात्राओं की सुरक्षा के लिए विशेष सुरक्षा अभियान संचालित करने और स्कूल–कॉलेजों सहित सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने का भी आग्रह किया गया।
ज्ञापन में आदतन एवं हिस्ट्रीशीटर अपराधियों की नियमित निगरानी कर उनके विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करने, थाना स्तर पर आम नागरिकों की शिकायतों का त्वरित एवं निष्पक्ष निराकरण सुनिश्चित करने तथा अपराध नियंत्रण के लिए समय-समय पर विशेष अभियान चलाकर जनता का विश्वास पुनः स्थापित करने की भी मांग की गई कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक से आग्रह किया कि जिले की वर्तमान परिस्थितियों को गंभीरता से देखते हुए उपरोक्त सभी मांगों पर तत्काल प्रभाव से आवश्यक एवं कठोर कार्यवाही की जाए, ताकि जिले में कानून का राज स्थापित हो,अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके और प्रत्येक नागरिक स्वयं को सुरक्षित महसूस कर सके कांग्रेस नेताओं ने विश्वास व्यक्त किया कि पुलिस प्रशासन जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए प्रभावी कदम उठाएगा तथा अपराध एवं नशे के खिलाफ व्यापक अभियान चलाकर जिले में शांति,सुरक्षा और विश्वास का वातावरण स्थापित करेगा।
इस दौरान पूर्व मंत्री प्रेमसाय सिंह, पूर्व विधायक पारस नाथ राजवाड़े,पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष भगवती राजवाड़े,पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष नरेश राजवाड़े,पूर्व जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष रामकृष्ण ओझा, पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अश्विनी सिंह, शहर कांग्रेस अध्यक्ष मनोज डालमिया, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष जफर हैदर, नगर पालिका अध्यक्ष कुसुमलता राजवाड़े, मंडल अध्यक्ष वीरेन्द्र बंसल, विष्णु कसेरा, एनएसयूआई जिलाध्यक्ष आकाश साहू, संगठन महामंत्री भावना सिंह नेताम, शिवम साहू एवं अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


















