सूरजपुर- जिले के बिहारपुर थाना परिसर में शुक्रवार की सुबह उस वक्त अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब एक 18 वर्षीय युवती अचानक परिसर में स्थित ऊंचे वायरलेस टावर पर जा चढ़ी। युवती अपने प्रेमी को मौके पर बुलाने की जिद पर अड़ी थी और नीचे उतरने से लगातार इंकार कर रही थी। करीब दो घंटे तक चले इस हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस की सूझबूझ से युवती को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार, कोलसोपारा बिहारपुर निवासी आरती कोल (18 वर्ष) अपने परिजनों के साथ किसी काम से बिहारपुर थाने आई थी। इसी दौरान मौका पाकर उसने परिजनों और पुलिस की नजर बचाई और तेजी से टावर पर चढ़ गई। टावर की ऊंचाई पर पहुंचकर उसने प्रेमी को बुलाने की मांग की और न आने पर छलांग लगाने की चेतावनी देने लगी।
घटना के बाद परिसर में अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत सुरक्षात्मक कदम उठाए। किसी भी अनहोनी से बचाव के लिए टावर के नीचे गद्दे और सुरक्षा जाल बिछा दिए गए, ताकि अप्रिय स्थिति में नुकसान न हो। इसके साथ ही लाउडस्पीकर के जरिए युवती को लगातार शांत रहने और नीचे उतरने की समझाइश दी जाती रही।
जब पुलिस और परिजनों की मौखिक अपील का युवती पर कोई असर नहीं हुआ, तो पुलिसकर्मियों ने सतर्कता दिखाते हुए स्वयं टावर पर चढ़ने का फैसला किया। पुलिस टीम ने टावर पर पहुंचकर युवती को धैर्यपूर्वक समझाया और सुरक्षित ढंग से नीचे उतार लाया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई और सूझबूझ के चलते एक बड़ा हादसा टल गया, जिसके बाद मौके पर मौजूद परिजनों और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। स्थानीय लोगों ने विषम परिस्थितियों में पुलिस द्वारा दिखाई गई तत्परता की सराहना की है।

















