सूरजपुर/प्रेमनगर- विकासखंड प्रेमनगर के विभिन्न शासकीय विद्यालयों में कार्यरत नव-नियुक्त शिक्षकों ने अपनी तीन वर्षीय परिवीक्षा अवधि (प्रोबेशन पीरियड) पूर्ण होने से पूर्व स्थायीकरण (कन्फर्मेशन) की प्रक्रिया समय पर शुरू कराने को लेकर विकासखंड शिक्षा अधिकारी को सामूहिक ज्ञापन सौंपा है।
विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय में ज्ञापन सौंपते हुए शिक्षकों ने बताया कि नियुक्ति आदेश की शर्तों के अनुसार उनकी तीन वर्ष की परिवीक्षा अवधि आगामी सितम्बर माह में पूर्ण होने जा रही है। शिक्षकों का कहना है कि सेवा नियमों के सुचारू संचालन एवं समयबद्धता को ध्यान में रखते हुए विभागीय प्रक्रिया में किसी भी प्रकार का विलंब न हो, इसके लिए आवश्यक मूल्यांकन, गोपनीय प्रतिवेदन तैयार करने तथा अन्य सभी प्रशासनिक औपचारिकताएं समय-पूर्व प्रारंभ की जाएं।
शिक्षकों ने मांग की है कि समय रहते प्रक्रिया शुरू होने से स्थायीकरण की कार्यवाही निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण हो सकेगी, जिससे शिक्षकों को अनावश्यक प्रशासनिक मानसिक तनाव व विलंब का सामना न करना पड़े। ज्ञापन समस्त नव-नियुक्त शिक्षकगणों की ओर से बीईओ को सौंपा गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में नव-नियुक्त शिक्षक एवं शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।

















