सूरजपुर/बिश्रामपुर- नगर पंचायत शिवनंदनपुर के उपाध्यक्ष अंशुल गोयल की पहल पर अग्रसेन वार्ड के फौजी गली क्षेत्र में लंबे समय से बंद पड़े निजी ट्रांसफार्मर को सीएसपीडीसीएल (छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड) के अधिकारियों की देखरेख में हटा दिया गया। ट्रांसफार्मर हटने से वार्डवासियों ने राहत की सांस ली है।
उल्लेखनीय है कि फौजी गली में स्थित यह निजी ट्रांसफार्मर पिछले लगभग तीन वर्षों से बंद पड़ा था। इसके कारण क्षेत्र में लगातार असुविधा बनी हुई थी और कई बार दुर्घटनाएं भी हो चुकी थीं। पूर्व में एक्सेस वोल्टेज की वजह से विभाग का एक कर्मचारी भी दुर्घटनाग्रस्त हो गया था।
नगर पंचायत चुनाव के दौरान स्थानीय वार्डवासियों ने सड़क से सटे शासकीय भूमि पर लगे इस ट्रांसफार्मर को हटाने की मांग विभिन्न प्रत्याशियों के समक्ष रखी थी और चुनाव में यह बड़ा मुद्दा भी बना हुआ था। उपाध्यक्ष बनने के बाद अंशुल गोयल ने इस संबंध में सीएसपीडीसीएल के कार्यपालन अभियंता, सहायक अभियंता तथा कलेक्टर सूरजपुर व एसडीएम को पत्र सौंपकर ट्रांसफार्मर हटाने की मांग की थी।
वही विभागीय अधिकारियों द्वारा आवश्यक जांच के बाद ट्रांसफार्मर को तत्काल हटाने की कार्रवाई की गई। ट्रांसफार्मर हटने से क्षेत्र में संभावित दुर्घटनाओं का खतरा भी कम हुआ है और आवागमन में सुविधा बढ़ी है। वार्डवासियों ने इस पहल के लिए नगर पंचायत उपाध्यक्ष अंशुल गोयल एवं सीएसपीडीसीएल अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया है।


















