---Advertisement---

सूरजपुर में 16 अगस्त से पहुंचेगी लाइफलाइन एक्सप्रेस, विभिन्न रोगों की होगी निःशुल्क जांच एवं सर्जरी

Follow Us
Spread the love

सभी उम्र के लोगों का किया जाएगा स्वास्थ्य परीक्षण

मुड़े हुए हाथ पैर परीक्षण एवं सर्जरी की सुविधा केवल 18 वर्ष के कम उम्र के बच्चों को दी जाएगी

सूरजपुर- जिले के नागरिकों को विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इम्पैक्ट इंडिया फाउंडेशन की 256वीं लाइफलाइन एक्सप्रेस परियोजना के तहत विश्रामपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म क्रमांक-02 पर 16 अगस्त से 5 सितंबर 2026 तक निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर में प्रतिदिन सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक ओपीडी संचालित होगी तथा आवश्यकतानुसार मरीजों की निःशुल्क जांच एवं सर्जरी भी की जाएगी।

शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा आंखों की जांच एवं मोतियाबिंद सर्जरी, कान की जांच एवं सर्जरी, प्लास्टिक सर्जरी (कटे-फटे होंठ एवं जलने के बाद संकुचन), दांतों की जांच एवं उपचार तथा महिलाओं के लिए स्तन एवं गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर की जांच एवं स्क्रीनिंग की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। जबकि केवल 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों के मुड़े हुए हाथ-पैर की जांच एवं सर्जरी निःशुल्क की जाएगी।

कार्यक्रम के अनुसार आंखों की ओपीडी 16 से 21 अगस्त तथा सर्जरी 17 से 22 अगस्त तक, कान की ओपीडी 22 से 27 अगस्त तथा सर्जरी 23 से 28 अगस्त तक होगी। वहीं मुड़े हुए हाथ-पैर एवं प्लास्टिक सर्जरी की ओपीडी 28 से 31 अगस्त तथा सर्जरी 29 अगस्त से 1 सितंबर तक की जाएगी। दांतों की जांच एवं उपचार 1 से 5 सितंबर तक होगा। महिलाओं के स्तन एवं गर्भाशय ग्रीवा कैंसर की जांच एवं स्क्रीनिंग 16 से 21 अगस्त तक की जाएगी।

कलेक्टर रेना जमील के निर्देशन में जिला प्रशासन द्वारा लाइफलाइन एक्सप्रेस के सफल संचालन एवं अधिक से अधिक जरूरतमंद मरीजों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। इस संबंध में महिला एवं बाल विकास विभाग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग तथा स्वास्थ्य विभाग को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं। ग्राम पंचायतों के सरपंच, पंच, मितानिन, सखी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं को अपने-अपने क्षेत्र में अधिक से अधिक पात्र मरीजों की पहचान कर उनका लाइफलाइन एक्सप्रेस में पंजीयन कराने तथा उपचार के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि जरूरतमंद नागरिकों को इस निःशुल्क स्वास्थ्य सेवा का अधिकतम लाभ मिल सके।

जिला प्रशासन ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे इस अवसर का लाभ उठाते हुए आवश्यकता अनुसार अपना पंजीयन कराएं तथा अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों को भी इस निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर की जानकारी दें। शिविर में आने वाले मरीज अपने साथ आधार कार्ड अथवा वोटर आईडी या अन्य वैध पहचान पत्र अवश्य लाएं। भर्ती मरीजों के साथ केवल एक सहयोगी को ही रहने की अनुमति होगी। अधिक जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर 7039673973 पर संपर्क किया जा सकता है।

सूरजपुर की ताजा खबरे

क्राइम न्यूज़

Leave a Comment