उचडीह वेयरहाउस से 5 बोरी सरकारी चावल चोरी का मामला दर्ज, साप्ताहिक बाजार से चोरी गई 40 हजार की बाइक बरामद, चौकी प्रभारी योगेन्द्र जायसवाल के नेतृत्व में दो बड़ी सफलताएं
सूरजपुर- जिले में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बसदेई पुलिस ने एक ही दिन में दो अलग-अलग मामलों का खुलासा करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। एक ओर शासकीय वेयरहाउस से सरकारी चावल चोरी करने वाले अज्ञात गिरोह के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई है, वहीं दूसरी ओर साप्ताहिक बाजार से मोटरसाइकिल चोरी करने वाले शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी की बाइक बरामद कर ली गई है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है, जबकि उसके फरार साथी की तलाश लगातार जारी है।
जानकारी के अनुसार, उचडीह स्थित छत्तीसगढ़ स्टेट वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन परिसर में भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) का सरकारी चावल भंडारित किया जाता है। 31 जुलाई 2026 की रात करीब 12 बजे से 3 बजे के बीच अज्ञात चोरों ने गोदाम परिसर के बाहर प्लेटफॉर्म पर रखे स्टॉक को निशाना बनाते हुए वीरमन इंडस्ट्रीज के लॉट क्रमांक 16045 से दो बोरी तथा विराट साल्वेंट प्रा. लि. के लॉट क्रमांक 1333 से तीन बोरी सहित कुल पांच बोरी सरकारी चावल चोरी कर लिया। मामले में वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन के नोडल अधिकारी नंदलाल चौधरी की शिकायत पर बसदेई पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) के तहत अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। घटना की सूचना कलेक्टर (खाद्य), वाणिज्यिक प्रबंधक रायपुर तथा एफसीआई विश्रामपुर को भी भेजी गई है।
इधर, बसदेई पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के मामले में भी उल्लेखनीय सफलता हासिल करते हुए आरोपी प्रद्युम्न बघेल (27 वर्ष), निवासी बड़कापारा, को गिरफ्तार कर लिया। प्रार्थी विष्णु प्रताप राजवाड़े ने 24 मई 2026 को साप्ताहिक बाजार बसदेई से अपनी बजाज पल्सर एनएस-160 (क्रमांक CG 16 CS 2138) चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। विवेचना के दौरान मुखबिर से मिली सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को धर दबोचा। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी सुरेश राजवाड़े उर्फ रघु के साथ मिलकर बाइक चोरी करना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर लगभग 40 हजार रुपये मूल्य की चोरी गई मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध बीएनएस की धारा 303(2) एवं 3(5) के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे 14 अगस्त 2026 तक न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। वहीं फरार सह-आरोपी सुरेश राजवाड़े उर्फ रघु की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
बसदेई चौकी प्रभारी योगेन्द्र जायसवाल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दोनों मामलों में सक्रियता और त्वरित कार्रवाई का परिचय दिया। टीम ने चोरी की बाइक बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार करने के साथ ही सरकारी चावल चोरी के मामले में भी तेजी से जांच शुरू कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है। जिला पुलिस का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और सरकारी संपत्ति अथवा आम नागरिकों की संपत्ति पर हाथ डालने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


















