सूरजपुर- जिले के ओड़गी विकासखंड अंतर्गत ग्राम चपदा खैरपारा के समीप जंगल में शुक्रवार दोपहर लगभग 1:30 बजे दो भालुओं ने गाय चराने गए एक युवक पर अचानक हमला कर दिया। इस हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चपदा खैरपारा निवासी उमेश पंडो (26 वर्ष), पिता कुंवरसाय पंडो, दोपहर में जंगल की ओर गाय चराने गए थे। इसी दौरान उनका सामना दो भालुओं से हो गया, जिन्होंने उन पर जानलेवा हमला कर दिया। भालुओं के हमले से युवक के हाथ में गंभीर चोटें आईं और अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा।
घटना के तुरंत बाद प्रत्यक्षदर्शियों ने 108 आपातकालीन सेवा को सूचित किया। सूचना मिलते ही 108 एम्बुलेंस की टीम तुरंत मौके पर पहुँची। एम्बुलेंस में तैनात ईएमटी चेत लाल एवं पायलट गगन कुमार ने तत्परता दिखाते हुए पीड़ित को तुरंत प्राथमिक उपचार दिया और बिना समय गँवाए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CSC) ओड़गी पहुँचाया, जहाँ डॉक्टरों की देखरेख में उसका उपचार जारी है। 108 एम्बुलेंस टीम की इस त्वरित प्रतिक्रिया से घायल को समय पर चिकित्सकीय सहायता मिल सकी। घटना के बाद वन क्षेत्र से लगे ग्रामीणों को जंगली जानवरों की उपस्थिति के प्रति सतर्क रहने और किसी भी अप्रिय स्थिति में तुरंत वन विभाग व आपातकालीन सेवाओं को सूचित करने की अपील की गई है।


















