अंडर-14 में डीपीएस संबलपुर और अंडर-19 में जे.बी. इंटरनेशनल स्कूल कांकेर बना चैंपियन
सूरजपुर- साधु राम विद्या मंदिर, सूरजपुर में आयोजित इंटर स्कूल फुटबॉल प्रतियोगिता का फाईनल मुकाबला शनिवार को स्कूल के फुटबॉल ग्राउंड में उत्साह, रोमांच और खेल भावना के माहौल में संपन्न हुआ। प्रतियोगिता के समापन समारोह में मुख्य अतिथि स्कूल के एमडी डॉ. राहुल अग्रवाल उपस्थित रहे। उनके द्वारा विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी और मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया और उज्ज्वल भविष्य की कामना कर सभी प्रतिभागियों को आयोजन में शिरकत करने की बधाई दी।

अंडर-14 वर्ग के फाइनल मुकाबले में डीपीएस संबलपुर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑलवन्स पब्लिक स्कूल, बेमेतरा को 2-0 से पराजित कर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। इस वर्ग में ऑलवन्स पब्लिक स्कूल, बेमेतरा उपविजेता रहा।
वहीं अंडर-19 वर्ग के रोमांचक फाइनल में जे.बी. इंटरनेशनल स्कूल, कांकेर ने डीपीएस छिंदवाड़ा को 2-0 से हराकर खिताब अपने नाम किया। डीपीएस छिंदवाड़ा को उप विजेता ट्रॉफी से संतोष करना पड़ा।
समापन समारोह के दौरान खिलाड़ियों का उत्साह देखते ही बन रहा था। विद्यालय परिसर तालियों और विजयी नारों से गूंज उठा। मंच संचालन दीपक पटले और दीपक वासुले ने प्रभावशाली ढंग से किया।

इस अवसर पर एसएमसी अध्यक्ष सुनील अग्रवाल, प्राचार्या खुशबू सिंह, उप-प्राचार्य दीनदयाल तिवारी सहित सभी प्रतिभागी टीमों के कोच तथा साधु राम विद्या मंदिर के शिक्षक-शिक्षिकाएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
अतिथियों ने खिलाड़ियों की खेल भावना, अनुशासन और उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में भी इसी समर्पण के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय परिवार के सहयोग और सुव्यवस्थित आयोजन के कारण प्रतियोगिता का सफल एवं गरिमामय समापन हुआ।



















