सूरजपुर/बिश्रामपुर- देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी मंडल बिश्रामपुर द्वारा बुधवार को भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में 225 फीट लंबा राष्ट्रीय ध्वज आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहा। विशाल तिरंगे के साथ निकली यात्रा में नगरवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और देशभक्ति के नारों से माहौल गुंजायमान रहा।
तिरंगा यात्रा की शुरुआत बिश्रामपुर नगर के आईटीआई कॉलोनी स्थित हनुमान मंदिर से हुई। यहां से यात्रा भटगांव रोड होते हुए नगर के बस स्टैंड तक पहुंची। यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं नगरवासी शामिल हुए।
गौरतलब है कि आगामी 15 अगस्त को देश अपना 80वां स्वतंत्रता दिवस मनाने जा रहा है। स्वतंत्रता दिवस को लेकर सरकारी एवं गैर-सरकारी संस्थाओं द्वारा तैयारियां की जा रही हैं। इसी क्रम में देशभर में तिरंगा यात्राओं का आयोजन किया जा रहा है, जिनमें लोगों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
बिश्रामपुर में निकली इस तिरंगा यात्रा में 225 फीट लंबे तिरंगे ने लोगों का विशेष ध्यान आकर्षित किया। यात्रा के दौरान राष्ट्रभक्ति और देश की एकता-अखंडता का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर प्रेमनगर क्षेत्र के विधायक भूलन सिंह मरावी, भाजपा मंडल बिश्रामपुर के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता, नगर पंचायत अध्यक्ष, अधिकारी-कर्मचारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।



















