सूरजपुर- पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल (भापुसे) के निर्देश पर इंटरस्टेट बार्डर पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने, आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने, अपराधियों की धरपकड़ एवं बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने की रणनीति को लेकर बुधवार, 12 अगस्त 2026 को छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के थाना चांदनी एवं मध्यप्रदेश के सिंगरौली जिले के थाना माड़ा के पुलिस अधिकारियों के बीच महत्वपूर्ण बैठक हुई।
इस बैठक में जिले के इंटर स्टेट बॉर्डर पर तैनात पुलिस टीम के साथ कड़ी सुरक्षा के लिए संयुक्त रूप से कार्रवाई पर चर्चा हुई। बार्डर पर नशीले पदार्थों के परिवहन और संदिग्ध वस्तुओं की आवाजाही पर नजर रखकर सूचनाओं का आदान-प्रदान और कार्रवाई, सीमावर्ती ग्रामों के असामाजिक तत्वों पर लगातार नजर रखकर उनके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करने, फरार आरोपियों और वारंटों की तामीली समन्वय स्थापित कर सूची का आदान प्रदान करने, आवश्यक सूचनाओं का लगातार आदान-प्रदान, सीमावर्ती ग्रामों के लायसेंसी दारानों पर लगातार निगरानी रखना एवं सीमावर्ती ग्रामों में नियमित रूप से पेट्रोलिंग करना पर बल दिया गया। बैठक में थाना प्रभारी चांदनी रामप्रताप साहू व थाना माड़ा के एएसआई निलेश मिश्रा सहित पुलिस अन्य अधिकारीगण मौजूद रहे।



















