हाथों में तिरंगा थामे भारत माता की जय के नारों से गूंजा पूरा गांव
प्राचार्य, शिक्षक और छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति के संदेश के साथ की भव्य रैली
भैयाथान/गंगौटी- स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गंगौटी विकासखंड भैयाथान, जिला सूरजपुर में देशभक्ति के उमंग और उत्साह के साथ भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। विद्यालय परिसर से प्रारंभ होकर यह यात्रा गांव की प्रमुख गलियों व मार्गों से गुजरी, जहां हाथों में राष्ट्रीय ध्वज थामे बच्चों और शिक्षकों के देश भक्ति नारों से पूरा वातावरण देशभक्तिमय हो गया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य मोमिन रजा ने तिरंगा यात्रा के उद्देश्य और देशभक्ति के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा, तिरंगा हमारी आन-बान-शान और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है। इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य छात्र-छात्राओं और जन-सामान्य में देशप्रेमी भावनाओं को जागृत करना, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के बलिदानों को याद करना और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना को दृढ़ करना है। जब युवा पीढ़ी अपने देश के प्रतीक चिह्नों और इतिहास से जुड़ती है, तब एक सशक्त राष्ट्र का निर्माण होता है।
तिरंगा यात्रा में विद्यालय के सभी छात्र-छात्राओं ने अत्यंत उत्साह एवं अनुशासन के साथ भाग लिया। रैली के दौरान छात्र ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम’ और ‘हर घर तिरंगा’ के गगनभेदी नारे लगाते रहे।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य मोमिन रजा सहित शिक्षक सुरेश मानिकपुरी, अनीता साहू, अन्ना एक्का, आरती पांडेय, अरुण तिर्की, संजय साहू, ज्ञान साय विश्वकर्मा, रवि साहू, जूही साहू, प्रीति घोषाल, भावना ध्रुव, शम्मे लाल सिंह तथा अन्य कर्मचारी विजय सिंह, राहुल सिंह, सुमित्रा साहू, जगदीश चक्रधारी, बिजेंद्र चक्रधारी एवं पूरा विद्यालय स्टाफ उपस्थित रहा।



















