---Advertisement---

पुराना रेस्ट हाउस से अग्रसेन स्टेडियम तक हुई सद्भावना दौड़, कदमताल में झलका देशप्रेम और आपसी भाईचारा

Follow Us
Spread the love

सूरजपुर- जिला प्रशासन एवं खेल तथा युवा कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आज सूरजपुर में सद्भावना स्वतंत्रता दौड़ का आयोजन किया गया। पुराना रेस्ट हाउस से प्रारंभ होकर अग्रसेन स्टेडियम में समाप्त हुई इस दौड़ में नगर के गणमान्य नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, विद्यार्थियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। तिरंगे के रंगों से सजे प्रतिभागियों ने ‘भारत माता की जय‘ और ‘वंदे मातरम्‘ के उद्घोष के साथ नगर के मार्गों पर दौड़ लगाई, जिससे पूरा वातावरण देशभक्ति के रंग में रंग गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रेमनगर विधायक भुलन सिंह मरावी ने कहा कि स्वतंत्रता हमें अनगिनत बलिदानों के बाद प्राप्त हुई है और इस स्वतंत्रता को बनाए रखने का सबसे बड़ा आधार आपसी सद्भावना एवं एकता है। उन्होंने कहा कि सद्भावना दौड़ केवल एक खेल आयोजन नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग को एक सूत्र में जोड़ने का माध्यम है। उन्होंने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि वे नशे से दूर रहकर खेल एवं शिक्षा को अपनाएँ तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाएँ। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर और स्वस्थ सोच वाला युवा ही विकसित भारत की नींव रख सकता है।

कलेक्टर रेना जमील ने अपने उद्बोधन में कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें अपने स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग का स्मरण कराता है तथा एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपने कर्तव्यों के प्रति सजग रहने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि सद्भावना का अर्थ है जाति, धर्म और वर्ग की सीमाओं से ऊपर उठकर एक-दूसरे के प्रति सम्मान का भाव रखना, और यही भावना जिले को विकास की दिशा में आगे ले जाएगी। उन्होंने कहा कि नियमित खेल एवं शारीरिक गतिविधियाँ न केवल शरीर को स्वस्थ रखती हैं, बल्कि अनुशासन और सामूहिकता की भावना भी विकसित करती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से बड़ी संख्या में खेल गतिविधियों से जुड़ने तथा जिले का नाम रोशन करने का आह्वान किया।

दौड़ के समापन पर सद्भावना भाव से पुरुष वर्ग में बोधन सिंह एवं धर्मेंद्र सिंह तथा महिला वर्ग में कुमारी प्रज्ञा राजवाड़े एवं कुमारी अंजली राजवाड़े को प्रेमनगर विधायक भुलन सिंह मरावी एवं कलेक्टर रेना जमील द्वारा मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने प्रतिभागियों के उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं में प्रतिस्पर्धा के साथ-साथ सौहार्द की भावना को भी मजबूत करते हैं।

इस अवसर पर शशिकांत गर्ग, मुकेश गर्ग, संत सिंह, अजय अग्रवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, जिला पंचायत सीईओ विजेन्द्र पाटले, डिप्टी कलेक्टर रमेश मोर, अनुविभागीय अधिकारी शिवानी जायसवाल, जिला खेल अधिकारी आरती पाण्डेय, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रूनियाडीह के प्रधानपाठक सिमांचल त्रिपाठी, वॉलीबॉल कोच राजनाथ गुप्ता, जीसस जयनगर की व्यायाम शिक्षिका सुनैना जायसवाल, खेलो इंडिया सेंटर के फुटबॉल कोच प्रकाश गुप्ता, बलवीर सिंह, सतीश कुमार साहू, आशीष सहित खेल एवं युवा कल्याण विभाग सूरजपुर का अमला एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

सूरजपुर की ताजा खबरे

क्राइम न्यूज़

Leave a Comment