---Advertisement---

नवाचार को मिला सम्मान: स्वतंत्रता दिवस पर बालक स्कूल रामानुजनगर के छात्र नवल साय सम्मानित

Follow Us
Spread the love

सूरजपुर- जिला प्रशासन सूरजपुर द्वारा आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में विज्ञान एवं नवाचार के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रामानुजनगर के कक्षा 11वीं विज्ञान संकाय के विद्यार्थी नवल साय को सम्मानित किया गया। महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने उन्हें प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर उनके प्रयासों की सराहना की। इस अवसर पर कलेक्टर श्रीमती रेना जमील, जिला पंचायत सीईओ विजेंद्र सिंह पाटले एवं पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल उपस्थित रहे।

नवल साय ने इंस्पायर अवार्ड मानक प्रतियोगिता में जिले में प्रथम स्थान प्राप्त कर राज्य स्तर के लिए चयनित होने का गौरव हासिल किया है। वे दो बार राज्य स्तर, एक बार संभाग स्तर तथा कई बार जिला स्तर पर विज्ञान के विभिन्न प्रादर्शों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर चुके हैं। उनके द्वारा तैयार की गई मूंगफली फोड़ने वाली नवाचारी मशीन कृषि एवं ग्रामीण जीवन की व्यावहारिक आवश्यकताओं पर आधारित है, जिसे तैयार करने में गाइड शिक्षक गोपाल सिंह का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।

नवल के इस मॉडल का चयन पश्चिम भारत विज्ञान मेला 2025-26, जशपुर के लिए भी हो चुका है। इससे पूर्व राज्योत्सव एवं गणतंत्र दिवस के जिला स्तरीय आयोजनों में भी यह मॉडल प्रदर्शित किया जा चुका है। जून 2026 में बिश्रामपुर आगमन के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भी इस मॉडल को देखकर इसकी सराहना की थी।

प्राचार्य पी.सी. सोनी ने कहा कि विद्यालय अपने विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम के साथ-साथ वैज्ञानिक सोच एवं नवाचार के लिए निरंतर प्रोत्साहित करता है। कृषक पिता श्री कैलाश सिंह ने भी नवल को हर स्तर पर प्रोत्साहन दिया। इस उपलब्धि पर जिला शिक्षा अधिकारी लता बेक, जिला मिशन समन्वयक मनोज कुमार साहू, सहायक संचालक अजय सिंह, विकासखंड शिक्षा अधिकारी अवधेश साहू, वरिष्ठ व्याख्याता सीमा दुबे, इंस्पायर अवार्ड प्रभारी संतोष उपाध्याय सहित संपूर्ण विद्यालय परिवार ने नवल साय को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

Related News

सूरजपुर की ताजा खबरे

क्राइम न्यूज़

Leave a Comment