सूरजपुर। भारतीय जनता युवा मोर्चा सूरजपुर के जिला अध्यक्ष देव गुप्ता ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान वंदे मातरम गाए जाने को लेकर कांग्रेस नेता– सोनिया गांधी, राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे ने जो आपत्ति की वह राष्ट्रगीत का अपमान है। उन्होंने कहा कि देशभक्ति से जुड़ी किसी भी चीज का विरोध करना कांग्रेस की नीति है। भाजयुमो जिला अध्यक्ष देव गुप्ता ने मांग की कि यदि कांग्रेस में जरा भी देशभक्ति है तो वह राष्ट्रगीत के ‘‘अपमान’’ के लिए 24 घंटे के भीतर सार्वजनिक रूप से माफी मांगे।
भाजयुमो जिला अध्यक्ष देव गुप्ता ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस पर राहुल और सोनिया गांधी द्वारा वंदे मातरम का विरोध ‘दिमागी नक्सल समर्थन तंत्र’ वाली मानसिकता को दर्शाता है। उन्होंने कहा, ‘‘क्या कोई देशभक्त, कोई भी भारतीय जो भारत के संविधान में विश्वास रखता हो, तिरंगे का सम्मान करता हो, भारत के स्वतंत्रता सेनानियों का सम्मान करता हो और भारत की संप्रभुता और अखंडता में यकीन रखता हो, वह कभी स्वतंत्रता दिवस पर वंदे मातरम गाने से नाराज़ हो सकता है? उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने न सिर्फ आजादी की लड़ाई लड़ने वालों का ही नहीं, बल्कि देश के संविधान, उसकी संप्रभुता और अखंडता एवं देश के 140 करोड़ लोगों का भी अपमान किया है।




























