सूरजपुर- पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल (भापुसे) ने जिले के थाना-चौकी प्रभारियों को नशे के धंधे में लिप्त लोगों के विरूद्व सख्त कार्यवाही करने के निर्देश दिए थे जिसके बाद से ही जिले की पुलिस नशीली पदार्थ के गोरख धंधे पर सतत् निगाह बनाए हुए है और लगातार कार्यवाही करने में लगी हुई है। इसी तारतम्य में दिनांक 15.08.2026 को थाना सूरजपुर पुलिस को मुखबीर से सूचना मिली कि केतका की ओर से एक व्यक्ति बिना नंबर के मोटर सायकल में गांजा बिक्री करने सपकरा की ओर जा रहा है।
सूचना पर थाना सूरजपुर पुलिस के द्वारा ग्राम पोड़ी में घेराबंदी कर मोटर सायकल सहित अतिउल्ला खान पिता स्व. नबीउल्ला खान उम्र 31 वर्ष निवासी साहूपारा थाना सूरजपुर को पकड़ा जिसके कब्जे से 4 किलो 900 ग्राम गांजा कीमत करीब 2 लाख 50 हजार रूपये का जप्त किया गया। मामले में परिवहन में मोटर सायकल व गांजा जप्त कर धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्यवाही कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। इस कार्यवाही में थाना प्रभारी सूरजपुर अलरिक लकड़ा, एसआई लक्ष्मी प्रसाद गुप्ता, सउनि मनोज पोर्ते, प्रधान आरक्षक हितेश्वर राजवाड़े, आरक्षक जितेन्द्र पटेल व रविराज पाण्डेय सक्रिय रहे।



























