---Advertisement---

नागपंचमी पर विद्यालय में हुई कुश्ती प्रतियोगिता, बच्चों ने दिखाया दमखम

Follow Us
Spread the love

सूरजपुर- नागपंचमी के अवसर पर शासकीय माध्यमिक शाला पतरापाली में विद्यार्थियों के बीच पारंपरिक खेल कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की और अपनी खेल प्रतिभा एवं शारीरिक कौशल का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के दौरान शिक्षक ने विद्यार्थियों को नागपंचमी पर्व के धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नागपंचमी भारतीय परंपरा का महत्वपूर्ण पर्व है, जिसमें नाग देवता की पूजा की जाती है। साथ ही विद्यार्थियों को हमारी लोकपरंपराओं एवं पारंपरिक खेलों से जुड़े रहने के लिए प्रेरित किया गया।

कुश्ती प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने विभिन्न दांव-पेंच आजमाते हुए उत्साह के साथ मुकाबला किया। साथी विद्यार्थियों ने तालियां बजाकर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। प्रतियोगिता में अंशु यादव, मनीष, अखिलेश एवं मनोज ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विजेता का स्थान प्राप्त किया, सभी विजेताओं को पुरस्कृत किया गया।

विद्यालय के प्रधानपाठक के.के. यादव ने विद्यार्थियों को खेलों के महत्व से अवगत कराते हुए कहा कि खेल से बच्चों में शारीरिक क्षमता के साथ-साथ अनुशासन, आत्मविश्वास एवं खेल भावना का विकास होता है। इस अवसर पर प्रधानपाठक के.के. यादव, अनिता सिंह, योगेश साहू, रघुनाथ जायसवाल सहित विद्यालय के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। नागपंचमी के अवसर पर आयोजित कुश्ती प्रतियोगिता से विद्यालय में उत्साहपूर्ण एवं पारंपरिक वातावरण बना रहा।

क्राइम न्यूज़

Leave a Comment