विकासखण्ड स्तरीय प्रतियोगिता के लिए 29 अगस्त तक करा सकते हैं पंजीयन
व्यक्तिगत एवं दलीय खेल विधाओं में दो आयु वर्गों के खिलाड़ी ले सकेंगे भाग
सूरजपुर- छत्तीसगढ़ शासन, खेल एवं युवा कल्याण विभाग रायपुर के निर्देशानुसार जिले में विकासखण्ड स्तरीय ‘‘सरगुजा ओलम्पिक 2026-27’’ का आयोजन किया जाएगा। पूर्व वर्षों की भांति इस वर्ष भी ‘‘हर गांव के हर युवा’’ थीम के तहत अधिक से अधिक ग्रामीण युवाओं को खेलों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे गांव-गांव में छिपी खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिल सके। प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक प्रतिभागियों से 10 अगस्त से 29 अगस्त 2026 तक पंजीयन हेतु आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। पंजीयन ऑनलाइन गूगल फॉर्म के माध्यम से अथवा ऑफलाइन रूप से कराया जा सकता है।
विकासखण्ड स्तर पर व्यक्तिगत खेल विधाओं में तीरंदाजी (इंडियन राउंड 30 मीटर एवं 50 मीटर), एथलेटिक्स के अंतर्गत 100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर, 400 मीटर रिले, लंबी कूद, ऊंची कूद, शॉटपुट, डिस्कस थ्रो एवं जैवलिन थ्रो के साथ ही बैडमिंटन, कराते तथा कुश्ती की स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी। कराते एवं कुश्ती में निर्धारित आयु एवं वजन वर्ग के अनुसार ही प्रतिभागी हिस्सा ले सकेंगे। इसी प्रकार दलीय खेल विधाओं में हॉकी, खो-खो, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल, फुटबॉल, कबड्डी तथा रस्साकसी को शामिल किया गया है। रस्साकसी की स्पर्धा केवल महिलाओं के लिए प्रदर्शनात्मक रूप से आयोजित की जाएगी।
प्रतियोगिता दो आयु वर्गों में आयोजित होगी, जिसमें 14 से 17 वर्ष आयु वर्ग तथा सीनियर वर्ग के खिलाड़ी भाग ले सकेंगे। सीनियर वर्ग के लिए कोई आयु सीमा निर्धारित नहीं की गई है। प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए प्रत्येक खिलाड़ी का पंजीयन फॉर्म भरना अनिवार्य होगा। कुश्ती एवं हॉकी में खिलाड़ियों तथा दलों की भागीदारी सीधे जिला स्तर से संभाग स्तर पर होगी।
प्रतियोगिता में भाग लेने अथवा आयोजन से संबंधित जानकारी के लिए खिलाड़ी कार्यालयीन दिवस में खेल एवं युवा कल्याण विभाग, संबंधित जनपद पंचायत कार्यालय अथवा विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं। ऑनलाइन पंजीयन के लिए इच्छुक खिलाड़ी सरगुजा ओलम्पिक पंजीयन पोर्टल https://sportsyw.cg.gov.in/sargujaOlympic पर उपलब्ध लिंक का उपयोग कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त श्री बलवीर सिंह के मोबाइल नंबर 8319330487 पर भी आवश्यक जानकारी प्राप्त की जा सकती है।




























