सूरजपुर- सूरजपुर में छत्तीसगढ़ प्रदेश एनएचएम कर्मचारी संघ जिला इकाई ने बेमेतरा जिले के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी पर प्रशासनिक शक्तियों के दुरुपयोग, अमर्यादित व्यवहार और कार्यस्थल पर उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाते हुए स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के नाम सूरजपुर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है। संघ के अनुसार, बेमेतरा जिले में पदस्थ सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों एवं अन्य स्वास्थ्य कर्मचारियों ने अभद्र भाषा के प्रयोग, सार्वजनिक रूप से अपमानित करने तथा महिला कर्मचारियों के प्रति अनुचित टिप्पणी की शिकायतें की हैं, जिसे कर्मचारियों के मौलिक अधिकारों और गरिमा का उल्लंघन बताया गया है।
संघ ने मामले में निष्पक्ष व स्वतंत्र जांच समिति गठित करने, जांच पूरी होने तक संबंधित अधिकारी को पद से हटाने, महिला कर्मचारियों की शिकायतों की जांच पॉश एक्ट 2013 के तहत कराने और बिना लिखित आदेश रोके गए वेतन को तत्काल जारी करने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि दो सप्ताह के भीतर ठोस प्रशासनिक कार्रवाई या शिकायतों का निराकरण नहीं हुआ, तो संघ प्रदेश भर के संविदा कर्मचारियों के साथ मिलकर चरणबद्ध आंदोलन व धरना-प्रदर्शन करने को बाध्य होगा।
नोट- यह समाचार छत्तीसगढ़ प्रदेश एनएचएम कर्मचारी संघ द्वारा सौंपे गए ज्ञापन पर आधारित है; प्रकरण में संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों का पक्ष सामने आने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।





























