---Advertisement---

जर्जर उचित मूल्य दुकान भवन बना हादसे का खतरा, छत से गिर रहा प्लास्टर, बारिश में टपक रहा पानी

Follow Us
Spread the love
नई बिल्डिंग की मांग अब भी लंबित
रैसरा में जान जोखिम में डालकर राशन लेने पहुंच रहे ग्रामीण,
खाद्यान्न खराब होने का भी खतरा, पंचायत ने कलेक्टर जनदर्शन में आवेदन देकर की थी नवीन भवन की मांग

सूरजपुर/प्रतापपुर- जिले के विकासखंड ओड़गी अंतर्गत ग्राम पंचायत रैसरा में संचालित शासकीय उचित मूल्य की दुकान का जर्जर भवन अब ग्रामीणों और राशन वितरण करने वाले कर्मचारियों के लिए गंभीर खतरा बन गया है। करीब 12 वर्ष पुराने इस भवन की हालत लगातार खराब होती जा रही है। भवन की छत और दीवारों से प्लास्टर की बड़ी-बड़ी परतें गिर रही हैं, जबकि बारिश के दिनों में सीपेज के कारण छत से पानी भी टपक रहा है। ऐसे में राशन लेने पहुंचने वाले ग्रामीणों के साथ कभी भी बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है।

ग्रामीणों का कहना है कि राशन वितरण के दौरान बड़ी संख्या में हितग्राही भवन के अंदर पहुंचते हैं। जर्जर छत और कमजोर दीवारों के बीच लोगों का खड़ा होना किसी खतरे से कम नहीं है। यदि अचानक छत या दीवार का कोई हिस्सा गिर जाता है तो जान-माल का नुकसान हो सकता है।
बारिश में टपक रहा पानी, खाद्यान्न खराब होने की आशंका
उचित मूल्य दुकान के भवन में सीपेज की समस्या भी गंभीर बनी हुई है। बारिश के दौरान छत से पानी की बूंदें लगातार टपकने के कारण दुकान में रखे चावल, नमक, शक्कर, चना सहित अन्य खाद्यान्न सामग्री के खराब होने की आशंका रहती है। इससे न केवल राशन का नुकसान हो सकता है, बल्कि हितग्राहियों को खाद्यान्न वितरण में भी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

बीम और दीवारों में पड़ी दरारें

ग्राम पंचायत रैसरा की ओर से पूर्व में जिला प्रशासन को दिए गए आवेदन में भवन की गंभीर स्थिति का उल्लेख किया गया था। आवेदन के अनुसार उचित मूल्य दुकान भवन की छत का मलवा और प्लास्टर आए दिन गिरता रहता है। भवन की बीम तथा दीवारों में भी दरारें आ गई हैं और दीवार गिरने की आशंका बनी हुई है। पंचायत ने इसे कभी भी दुर्घटना का कारण बनने वाली स्थिति बताते हुए नवीन भवन निर्माण की मांग की थी।

कलेक्टर जनदर्शन में भी पहुंचा मामला

ग्राम पंचायत रैसरा के सरपंच अशोक कुमार पैकरा की ओर से 2 सितंबर 2025 को कलेक्टर सूरजपुर के जनदर्शन में शासकीय उचित मूल्य दुकान के नवीन भवन निर्माण के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया गया था। आवेदन में बताया गया था कि भवन बेहद जर्जर हो चुका है और बरसात में पानी टपकने के कारण खाद्यान्न सामग्री भी खराब हो जाती है। पंचायत एवं ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से नवीन उचित मूल्य दुकान भवन की स्वीकृति प्रदान करने की मांग की थी।

नवीन भवन की स्वीकृति का इंतजार

ग्रामीणों का कहना है कि उचित मूल्य की दुकान गांव के लोगों की रोजमर्रा की जरूरत से जुड़ी महत्वपूर्ण व्यवस्था है। ऐसे में इसका भवन सुरक्षित और व्यवस्थित होना जरूरी है। वर्तमान जर्जर भवन में राशन वितरण करना ग्रामीणों और दुकान संचालक दोनों के लिए जोखिम भरा साबित हो सकता है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए जर्जर भवन का निरीक्षण कराया जाए तथा जल्द से जल्द नवीन भवन निर्माण की स्वीकृति प्रदान की जाए, ताकि भविष्य में किसी अनहोनी से बचा जा सके।

सूरजपुर की ताजा खबरे

क्राइम न्यूज़

Leave a Comment