दूर-दराज के मरीज उठा रहे नि:शुल्क स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ
विशेषज्ञ चिकित्सकों और जिला स्वास्थ्य टीम के समन्वय से साकार हो रही बेहतर स्वास्थ्य सेवा की पहल
सूरजपुर- कलेक्टर रेना जमील के मार्गदर्शन एवं जिला प्रशासन के सहयोग से विश्रामपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म क्रमांक-02 पर इम्पैक्ट इंडिया फाउंडेशन की 256वीं लाइफलाइन एक्सप्रेस परियोजना के तहत 16 अगस्त से 05 सितंबर 2026 तक निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर संचालित किया जा रहा है। शिविर के माध्यम से जिले के दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंच रहे जरूरतमंद मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श, जांच एवं आवश्यक उपचार की सुविधाएं सहजता से उपलब्ध कराई जा रही हैं।
लाइफलाइन एक्सप्रेस में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा सेवाएं प्रदान की जा रही हैं। आंखों की जांच एवं मोतियाबिंद सर्जरी, कान की जांच एवं सर्जरी, 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों के मुड़े हुए हाथ-पैर की जांच एवं सर्जरी, प्लास्टिक सर्जरी, दांतों की जांच एवं उपचार तथा महिलाओं के स्तन एवं गर्भाशय ग्रीवा कैंसर की जांच एवं स्क्रीनिंग जैसी स्वास्थ्य सेवाएं निःशुल्क उपलब्ध हैं। प्रतिदिन सुबह 09:00 बजे से शाम 04:00 बजे तक ओपीडी संचालित हो रही है।
कलेक्टर रेना जमील द्वारा शिविर के सफल संचालन, में अधिक से अधिक जरूरतमंद मरीजों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने तथा मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए संबंधित विभागों को निरंतर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं। उनके मार्गदर्शन में जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग एवं मैदानी अमला आपसी समन्वय से कार्य कर रहा है।
शिविर की व्यवस्थाओं में सूरजपुर के स्वास्थ्य अमले की टीम महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। सहायक नोडल अधिकारी डॉ. मुकेश राजवाड़े के नेतृत्व में वरिष्ठ नेत्र सहायक अधिकारी एस.पी. मिश्रा तथा नेत्र सहायक अधिकारी मारुति नंदन चक्रधारी, अमित सोनी, सुरेन्द्र सिंह सोरी, बेंजामिन खाखा, इमरान खान, रवि शंकर कुशवाहा, विनोद भगत, श्यामलाल चौधरी, बी.एन. शर्मा, पुष्पराज वर्मा, अमित चौरसिया एवं जितेंद्र कुशवाहा सहित स्वास्थ्य अमला पूरी तत्परता के साथ मरीजों के पंजीयन, जांच, मार्गदर्शन एवं उपचार प्रक्रिया में सहयोग प्रदान कर रहा है।
जिला प्रशासन का प्रयास है कि लाइफलाइन एक्सप्रेस जैसी पहल का लाभ जिले के अधिक से अधिक जरूरतमंद नागरिकों तक पहुंचे। कलेक्टर रेना जमील ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे इस अवसर का लाभ उठाते हुए स्वयं एवं अपने आसपास के जरूरतमंद लोगों को शिविर की जानकारी दें और निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाएं।




























