---Advertisement---

घटिया भोजन और बदहाल व्यवस्थाओं से त्रस्त छात्राओं का फूटा आक्रोश, सड़क पर उतरीं सैकड़ों बालिकाएं

Follow Us
Spread the love

सूरजपुर- रामानुजनगर विकासखंड के ग्राम भुवनेश्वरपुर स्थित प्री-मैट्रिक कन्या छात्रावास की बदहाल व्यवस्थाओं के विरोध में सोमवार को सैकड़ों आदिवासी छात्राओं ने रामानुजनगर-कृष्णपुर (कालुवा) राज्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। भीषण धूप के बावजूद छात्राएं अपनी मांगों को लेकर सड़क पर बैठी रहीं, जिससे काफी देर तक आवागमन बाधित रहा।

आंसुओं के साथ बयां किया दर्द

प्रदर्शन के दौरान कई छात्राएं अपनी समस्याएं बताते हुए रो पड़ीं। उन्होंने आरोप लगाया कि लंबे समय से मीनू के अनुसार भोजन नहीं दिया जा रहा है। अक्सर सड़े-गले चावल, खराब सब्जियां और पानी जैसी दाल परोसी जाती है। इसके अलावा साबुन, तेल और टूथपेस्ट जैसी दैनिक उपयोग की वस्तुएं भी पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध नहीं कराई जातीं।

अधीक्षिका पर लापरवाही और बाहरी युवक के प्रवेश का आरोप

आंदोलित छात्राओं ने छात्रावास अधीक्षिका पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए। उनका कहना है कि अधीक्षिका अक्सर अनुपस्थित रहती हैं और उनकी जगह उनका 23 वर्षीय पुत्र छात्रावास के मामलों में दखल देता है। बालिका छात्रावास में बाहरी युवक की मौजूदगी को लेकर छात्राओं ने अपनी सुरक्षा, संरक्षण और निजता पर गंभीर सवाल उठाए हैं।

जर्जर भवन और बुनियादी सुविधाओं का अभाव

छात्राओं के अनुसार मुख्य भवन और रसोईघर जर्जर स्थिति में हैं। बारिश में छत टपकती है, पंखे बंद पड़े हैं और लड़कियों को टूटी-फूटी चटाइयों पर सोना पड़ता है।

छात्राओं की प्रमुख मांगें:

छात्रावास अधीक्षिका को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय जांच शुरू हो।

बालिका छात्रावास में बाहरी युवक के प्रवेश और हस्तक्षेप की उच्चस्तरीय जांच व कानूनी कार्रवाई की जाए।

राशन पंजी, स्टॉक रजिस्टर, मेन्यू तथा बिल-वाउचर का भौतिक सत्यापन हो।

जर्जर रसोईघर, खराब पंखों व पेयजल व्यवस्था को तुरंत दुरुस्त किया जाए।

गुणवत्तापूर्ण भोजन और दैनिक उपयोग की सामग्री नियमानुसार दी जाए।

प्रशासनिक आश्वासन के बाद समाप्त हुआ प्रदर्शन

मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला स्तरीय प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने छात्राओं की शिकायतों पर उचित कार्रवाई का भरोसा दिया, जिसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ। वहीं, जनप्रतिनिधियों और कांग्रेस नेता अविनाश साहू ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हुई तो कलेक्ट्रेट कार्यालय का घेराव कर अनिश्चितकालीन धरना दिया जाएगा।

नोट- उक्त प्रकरण में छात्राओं द्वारा लगाए गए आरोपों पर संबंधित छात्रावास अधीक्षिका एवं विभाग का रुख शामिल नहीं है। खबर किसी भी पक्ष की पुष्टि नहीं करती; अंतिम स्थिति प्रशासनिक जांच के बाद ही साफ हो पाएगी।

Related News

सूरजपुर की ताजा खबरे

क्राइम न्यूज़

Leave a Comment