सूरजपुर/भैयाथान (संवाददाता): सूरजपुर जिले के जनपद पंचायत भैयाथान अंतर्गत ग्राम पंचायत भवराही में ईद-मिलादुन्नबी (पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के यौम-ए-पैदाइश) का पवित्र त्योहार अभूतपूर्व उत्साह, अकीदत और आपसी भाईचारे के साथ धूमधाम से मनाया गया। इस मुबारक मौके पर गुलामाने ताजुश्शरिया कमेटी की सरपरस्ती और अगुवाई में एक विशाल व ऐतिहासिक जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला गया। जुलूस का मुख्य आकर्षण आन-बान-शान से फहराता राष्ट्रध्वज तिरंगा और रूहानी परचम रहा, जिसे युवाओं ने एक साथ थामकर देशप्रेम और सामाजिक सौहार्द का अनोखा संदेश दिया। पूरे मार्ग पर गूंजती नात-शरीफ की धुनों और नारों से वातावरण पूरी तरह खुशनुमा हो गया।
इस पूरे भव्य आयोजन की कमान संभालते हुए गुलामाने ताजुश्शरिया कमेटी के जिम्मेदार सदस्यों—हसनेन रज़ा, अख्तर रज़ा, मो. रज़ा, अहमद रज़ा, अज़लान रज़ा, नाज़िर आलम, आबिद, जुगनू और हसन ने अपनी पूरी टीम के साथ अनुशासित व्यवस्था, सुरक्षा तथा लंगर-ए-आम का बेहतरीन इंतजाम किया। क्षेत्र के बुजुर्गों, युवाओं और बच्चों ने इसमें बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम के अंत में मुल्क में स्थायी शांति, तरक्की, आपसी मोहब्बत और खुशहाली के लिए सामूहिक दुआएं मांगी गईं और आयोजकों द्वारा सभी सहयोगियों व ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया गया।