शासकीय रेवती रमण मिश्र स्नातकोत्तर महाविद्यालय में हुआ आयोजन
खेलो इंडिया संवाद कार्यक्रम में महाविद्यालयीन विद्यार्थियों ने पीएम नरेन्द्र मोदी का वर्चुअल संबोधन सुना
सूरजपुर- हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती राष्ट्रीय खेल दिवसके उपलक्ष्य में भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के ’’मेरा युवा भारत’’ (माई भारत) अभियान और राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के संयुक्त तत्वावधान में शासकीय रेवती रमण मिश्र स्नातकोत्तर महाविद्यालय सूरजपुर में खेलो इंडिया संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम मे जनपद अध्यक्ष स्वाति संत सिंह, महाविद्यालय की जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष यसवंत सिंह, प्राचार्य डॉ. एच.एन. दुबे, राष्ट्रीय रेफरी गौस बेक सहित जनप्रतिनिधिगण, शिक्षकगण व विद्यार्थी उपस्थित थे। कार्यक्रम को देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश भर के लाखों युवाओं को संबोधित किया। कार्यक्रम में उन्होंने खेलों के महत्व पर प्रकाश डालाते हुए युवाओं को खेल से जुडने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भारत में आधुनिक स्पोर्ट्स ईको सिस्टम बनाने के लिए सरकार पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।
पीएम नरेन्द्र मोदी ने कहा कि खेलो इंडिया संवाद कार्यक्रम सिर्फ खेल की बात करने का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह एक ऐसा संवाद का मंच है, जिसका एक-एक विचार देश के स्पोर्टस विजन को एक नई दिशा दे सकता है। इस दौरान कार्यक्रम में शामिल महाविद्यालय के विद्यार्थियों, राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के स्वयंसेवकों और स्थानीय युवाओं ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का वर्चुअल संबोधन लाइव सुना। यह आयोजन देश को फिट, अनुशासित और खेलोन्मुखी बनाने के उद्देश्य से देशभर के 1,389 शैक्षणिक संस्थानों में यह कार्यक्रम एक साथ आयोजित हुआ।
प्रधानमंत्री के संबोधन के उपरांत महाविद्यालय में स्थानीय सत्र का आयोजन किया गया। इसमें स्थानीय खिलाड़ियों और युवा प्रतिनिधियों के बीच एक विशेष परिचर्चा हुई, जिसमें बीते दशक में खेल अधोसंरचना (इंफ्रास्ट्रक्चर) के विस्तार और आगामी ओलंपिक व राष्ट्रमंडल खेलों के लिए भारत की तैयारियों पर मंथन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य केंद्र ’’युवा संवाद’’ सत्र रहा, जिसमें विद्यार्थियों ने चार प्रमुख विषयों नागरिक कर्तव्यबोध, कक्षा से परे कौशल विकास, नवयुग में स्वयंसेवा और माई भारत मंच का सशक्तिकरण पर अपने सुझाव रखे।
युवाओं द्वारा दिए गए सुझावों को न केवल निर्धारित पंजी में दर्ज किया गया, बल्कि विद्यार्थियों ने क्यूआर कोड के माध्यम से अपने विचार सीधे माई भारत पोर्टल पर भी अपलोड किए, ताकि इन्हें राष्ट्रीय नीति निर्माण प्रक्रिया में शामिल किया जा सके।
समारोह के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने युवाओं को दैनिक जीवन में फिटनेस अपनाने, माई भारत पोर्टल पर पंजीयन कराने तथा विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग क्विज में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम के अंत में नशामुक्ति को लेकर युवाओं को शपथ भी दिलाई गई।