सूरजपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के बैनर तले संयुक्त अनियमित कर्मचारी प्रकोष्ठ की एक महत्वपूर्ण प्रदेश स्तरीय बैठक राजधानी रायपुर में संपन्न हुई। संघ के संरक्षक ओपी शर्मा, प्रांतीय अध्यक्ष अनिल पांडेय और संयुक्त अनियमित प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष सुशील गुप्ता की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में प्रदेश भर से आए हजारों स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों और पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया।
बैठक में कर्मचारियों की प्रमुख मांगों जैसे वेतन वृद्धि, वेतन विसंगति दूर करने, नियमितीकरण और सेवा सुरक्षा पर विस्तृत मंथन किया गया। सूरजपुर जिले के संयुक्त अनियमित प्रकोष्ठ के जिला संयोजक डॉ. निलेश कुमार साहू ने बैठक की जानकारी देते हुए बताया कि स्वास्थ्य कर्मचारी लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर शासन-प्रशासन को ज्ञापन सौंपते आ रहे हैं, लेकिन लगातार उपेक्षा के कारण अब वे आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए मजबूर हो चुके हैं। इस दिशा में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया है कि अपनी मांगों के समर्थन में 11 सितंबर को राजधानी रायपुर में एक दिवसीय सांकेतिक प्रदर्शन किया जाएगा।



























