शोभायात्रा से लेकर आनंद मेला और अग्रसेन ओलंपिक तक होंगे विविध कार्यक्रम
सूरजपुर। अग्रवाल समाज के आराध्य एवं समाजवाद के प्रणेता महाराजा अग्रसेन जी की 5150वीं जयंती को इस वर्ष सूरजपुर में भव्य एवं उत्सवपूर्ण तरीके से मनाने की तैयारियां शुरू हो गई हैं। जयंती समारोह के आयोजन को लेकर अग्रवाल सभा एवं जयंती आयोजन समिति की महत्वपूर्ण बैठक गत दिवस अग्रोहा भवन में आयोजित हुई। जिसमें समाज के अग्रबंधुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए आयोजन की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की।
बैठक में निर्णय लिया गया कि महाराजा अग्रसेन जयंती के अवसर पर लगभग एक सप्ताह तक विभिन्न कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की जाएगी। समारोह का शुभारंभ भव्य उद्घाटन सत्र के साथ होगा। इसके बाद समाज के बच्चों, युवाओं, महिलाओं एवं सभी आयु वर्ग के लोगों को जोड़ने वाली विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
आयोजन के प्रमुख आकर्षणों में भव्य शोभायात्रा, आनंद मेला, अग्रसेन चौक में सांस्कृतिक कार्यक्रम, स्टेज प्रोग्राम, केबीसी, ट्रेजर हंट, म्यूजिकल हाऊजी तथा अग्रसेन ओलंपिक सहित अनेक कार्यक्रम शामिल होंगे। आयोजकों का उद्देश्य जयंती समारोह को केवल धार्मिक आयोजन तक सीमित न रखते हुए सामाजिक एकता, प्रतिभा प्रदर्शन, सांस्कृतिक विरासत और समाज की नई पीढ़ी की सहभागिता का उत्सव बनाना है।
समारोह को भव्य एवं सुव्यवस्थित स्वरूप प्रदान करने के लिए अग्रवाल सभा, अग्रवाल सेवा समिति, अग्रवाल महिला मंडल, अग्रवाल नवयुवक समिति, अग्रवाल महिला सम्मेलन, मारवाड़ी युवा मंच की दोनों शाखाएं एवं अग्रवाल नवयुवती समिति सहित समाज के विभिन्न संगठन सक्रिय रूप से जुट गए हैं। आयोजन की तैयारियों को लेकर अलग-अलग चरणों में बैठकें आयोजित कर जिम्मेदारियां तय की जा रही हैं। बैठक में उपस्थित अग्रबंधुओं ने कहा कि इस वर्ष महाराजा अग्रसेन जी की जयंती को सूरजपुर में अब तक के सबसे भव्य और यादगार आयोजनों में शामिल करने के लिए सभी मिल-जुलकर प्रयास करेंगे। समाज के सभी वर्गों की सहभागिता से जयंती समारोह को उत्सव का रूप देने तथा आपसी भाईचारे एवं सामाजिक एकता का संदेश देने पर जोर दिया गया।
इस दौरान बैठक में अग्रवाल सभा के अध्यक्ष अमृतलाल अग्रवाल सचिव राजेश महलवाला, अग्रसेन समिति के अध्यक्ष रामअवतार अग्रवाल, सुनील अग्रवाल, संजय केजरीवाल, अंकुर गर्ग, अजय अग्रवाल, सतीश जैन, दीपक गोयल, राहुल अग्रवाल, सुभाष तायल, गौरीश जिंदल, विजय अग्रवाल, स्वयं गोयल, यश अग्रवाल, प्रणव अग्रवाल, गौरव अग्रवाल, कान्हा गर्ग, कान्हा जिंदिया, स्वयं प्रकाश गर्ग, बिट्टू अग्रवाल, रोहित अग्रवाल, यश कुमार सहित बड़ी संख्या में अग्र बंधु उपस्थित रहे।