सूरजपुर की पहली खिलाड़ी बनीं इस प्रतिष्ठित सम्मान की हकदार।
कांग्रेस परिवार ने किया धाविका का सम्मान।
सूरजपुर। छोटे शहर से निकलकर बड़े सपने देखने और अपनी मेहनत के दम पर उन्हें हकीकत में बदलने वाली सूरजपुर की होनहार धाविका सोनिका राजवाड़े ने जिले का मान बढ़ाया है। नगर पंचायत प्रेमनगर निवासी एथलीट सोनिका राजवाड़े, पिता भूपेंद्र राजवाड़े, को एथलेटिक्स में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शहीद कौशल यादव सम्मान 2025-26 से सम्मानित किया गया है। खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा खेल दिवस के अवसर पर प्रदान किए गए इस प्रतिष्ठित सम्मान के तहत सोनिका को डेढ़ लाख रुपये की नगद राशि एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया। खास बात यह है कि सूरजपुर जिले में पहली बार किसी खिलाड़ी को शहीद कौशल यादव सम्मान से नवाजा गया है। सोनिका की इस उपलब्धि से जिले के खेल जगत, खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों में हर्ष का माहौल है। जिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष शशि सिंह व टीम ने सूरजपुर में सोनिका का अभिनंदन किया व उनके माता-पिता व परिजनों के साथ कोच को बधाई दी।
उल्लेखनीय है कि सोनिका ने 3000 मीटर दौड़ में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। करीब ढाई वर्षों तक जिला एथलेटिक्स संघ सूरजपुर में नियमित प्रशिक्षण लेकर उन्होंने अपनी दौड़ की तकनीक, फिटनेस और सहनशक्ति पर लगातार मेहनत की। जिला एथलेटिक्स संघ के अध्यक्ष एवं कोच नरेश कुमार कुशवाहा तथा अश्लेश राजवाड़े के मार्गदर्शन में सोनिका ने सुबह-शाम कड़ा अभ्यास किया और विभिन्न प्रतियोगिताओं में लगातार बेहतर प्रदर्शन किया।
उनकी मेहनत का परिणाम रहा कि उन्होंने 3000 मीटर दौड़ में अपनी अलग पहचान बनाई और राष्ट्रीय स्तर की धाविका के रूप में अपनी प्रतिभा को स्थापित किया। वर्तमान में सोनिका भोपाल के साई सेंटर में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं और नजर अब राष्ट्रीय स्तर पर और बड़ी उपलब्धियां हासिल करने पर है।
छोटे शहर से बड़े सपनों तक का सफर
सोनिका की सफलता उन युवाओं के लिए प्रेरणा है, जो सीमित संसाधनों और सुविधाओं के बावजूद अपने सपनों को पूरा करने का हौसला रखते हैं। उन्होंने साबित किया है कि प्रतिभा को सही दिशा, अनुशासन और निरंतर मेहनत मिले तो छोटे शहरों से भी बड़े खिलाड़ी तैयार हो सकते हैं।
जिला एथलेटिक्स संघ की पूरी टीम ने सोनिका को इस उपलब्धि पर बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। संघ के अध्यक्ष एवं कोच नरेश कुशवाहा ने कहा कि मैदान में की गई मेहनत ही खिलाड़ी की असली पहचान बनाती है। उन्होंने युवाओं से अपनी प्रतिभा को पहचानकर पूरे समर्पण के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
जिला कांग्रेस परिवार ने किया अभिनंदन
सोनिका को मिले इस गौरवपूर्ण सम्मान पर जिला कांग्रेस परिवार सूरजपुर ने भी उनका अभिनंदन किया। जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से धाविका सोनिका राजवाड़े को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया तथा उनकी उपलब्धि पर बधाई दी गई।
कांग्रेस पदाधिकारियों ने कहा कि सोनिका ने अपनी मेहनत और उपलब्धियों से न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे सूरजपुर जिले का नाम रोशन किया है। जिले की इस ‘उड़नपरी’ को मिला प्रतिष्ठित सम्मान आने वाली पीढ़ी के खिलाड़ियों को भी प्रेरणा देगा।
खेल जगत में खुशी की लहर
सोनिका को शहीद कौशल यादव सम्मान मिलने से जिले के खेल जगत में खुशी की लहर है। खेलप्रेमियों का कहना है कि यह सम्मान सूरजपुर में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण संदेश है। उम्मीद जताई जा रही है कि सोनिका भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर जिले और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करेंगी।