---Advertisement---

रिंग रोड तिलसिवां ऑडिटोरियम के कायाकल्प की तैयारी,कलेक्टर ने निरीक्षण कर दिए आवश्यक सुविधाएं विकसित करने के निर्देश

Follow Us
Spread the love
बेहतर उपयोग के लिए ऑडिटोरियम में सुविधाओं के विस्तार एवं परिसर के सौंदर्यीकरण पर जोर
सूरजपुर- कलेक्टर रेना जमील ने रिंग रोड तिलसिवां स्थित ऑडिटोरियम का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने ऑडिटोरियम के बेहतर संरक्षण एवं संवर्धन के साथ आवश्यक सुविधाओं को विकसित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए, ताकि आगामी दिनों में इसका उपयोग बैठक, प्रशिक्षण, प्रस्तुतियों एवं अन्य कार्यक्रमों के लिए प्रभावी ढंग से किया जा सके।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने ऑडिटोरियम में बेहतर साउंड सिस्टम की व्यवस्था, आवश्यक विद्युतीकरण, मरम्मत कार्य, सुरक्षा व्यवस्था हेतु सीसीटीवी कैमरे सहित सभी आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। परिसर की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बाउंड्रीवॉल के ऊपर तार की जाली लगाने तथा सुरक्षा व्यवस्था के लिए गार्ड रूम बनाने के निर्देश भी दिए।
कलेक्टर ने ऑडिटोरियम के शौचालयों की आवश्यक मरम्मत एवं साफ-सफाई सुनिश्चित करने को कहा, ताकि यहां आने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने भवन में हो रहे सिपेज की समस्या का भी जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को स्थायी निराकरण के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
उन्होंने पूरे परिसर के व्यवस्थित सौंदर्यीकरण पर जोर देते हुए प्रवेश द्वार को बेहतर बनाने, आकर्षक एवं स्पष्ट सूचना बोर्ड लगाने तथा स्थानीय कला एवं संस्कृति को प्रदर्शित करने वाली चित्रकारी से ऑडिटोरियम की दीवारों को सजाने के निर्देश दिए। साथ ही परिसर में स्वच्छता बनाए रखने एवं उपयुक्त स्थानों पर पौधरोपण कराने को कहा।
कलेक्टर ने परिसर में ओपन थिएटर विकसित कर उसका बेहतर तरीके से उपयोग सुनिश्चित करने के संबंध में भी अधिकारियों से चर्चा की। उन्होंने ऑडिटोरियम एवं परिसर में सौर पैनल के माध्यम से विद्युत आपूर्ति की संभावनाओं पर चर्चा करते हुए इस दिशा में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पानी की उपलब्धता को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त पानी की टंकी निर्माण कराने के निर्देश भी दिए।
कलेक्टर श्रीमती जमील ने कहा कि ऑडिटोरियम एवं परिसर की सभी व्यवस्थाओं को व्यवस्थित और उपयोगी स्वरूप बनाएं, जिससे स्थल जिले में विभिन्न शासकीय एवं सार्वजनिक गतिविधियों के आयोजन के लिए सुविधाजनक एवं उपयोगी केंद्र के रूप में विकसित हो सके। निरीक्षण के दौरान डिप्टी कलेक्टर रमेश मोर सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

सूरजपुर की ताजा खबरे

क्राइम न्यूज़

Leave a Comment