सूरजपुर/भैयाथान- विकासखंड भैयाथान के संकुल केंद्र गंगोटी अंतर्गत शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला भवराही में उस समय हड़कंप मच गया जब सहायक संचालक (शिक्षा) अजय सिंह ने विद्यालय का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान शाला में गंभीर प्रशासनिक खामियां, पठन-पाठन में लापरवाही और शिक्षकों की अनाधिकृत अनुपस्थिति उजागर हुई। इस पर कड़ा रुख अपनाते हुए जिला शिक्षा कार्यालय द्वारा संस्था के प्रभारी प्रधान पाठक और शिक्षक को कारण बताओ नोटिस जारी कर 3 दिनों में जवाब तलब किया गया है।
ऐप पर हाजिरी लगाकर नदारद मिले शिक्षक
सहायक संचालक अजय सिंह द्वारा किए गए निरीक्षण के दौरान पाया गया कि शिक्षक राजेश शर्मा ने उपस्थिति पंजी (रजिस्टर) में हस्ताक्षर नहीं किए थे, लेकिन विद्या समीक्षा केंद्र (VSK) ऐप पर उपस्थिति दर्ज कर वे बिना किसी सूचना या स्वीकृत अवकाश के स्कूल से नदारद थे। अधिकारियों ने इसे गंभीर अनुशासनहीनता और कर्तव्य के प्रति घोर लापरवाही माना।
आधे से अधिक स्टाफ एक साथ छुट्टी पर
निरीक्षण प्रतिवेदन के अनुसार, प्रभारी प्रधान पाठक बसंत यादव सहित शिक्षक भावेश एवं सुरेश गेंदले एक ही दिन सामूहिक अवकाश पर पाए गए। एक साथ कई शिक्षकों के नदारद रहने से शैक्षणिक कार्य पूरी तरह प्रभावित मिला। दर्ज 52 विद्यार्थियों में से मौके पर मात्र 25 बच्चे ही उपस्थित थे।
बच्चों का शैक्षणिक स्तर चिंताजनक, डायरी भी संधारित नहीं
अधिकारियों ने कक्षाओं में जाकर विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर की जांच की, जो बेहद चिंताजनक पाई गई। प्राथमिक और माध्यमिक स्तर के छात्र सामान्य ज्ञान और बुनियादी पहाड़ा तक नहीं बता सके। इसके अलावा विद्यालय में निरीक्षण पंजी अनुपलब्ध थी और शिक्षकों द्वारा शिक्षक दैनंदिनी (टीचर्स डायरी) का संधारण भी नहीं किया गया था। परिसर व कक्षाओं में स्वच्छता का सर्वथा अभाव दिखा।
3 दिन में मांगा जवाब, होगी एकपक्षीय कार्रवाई
मामले को सिविल सेवा आचरण नियमों के विपरीत मानते हुए प्रभारी प्रधान पाठक बसंत यादव और शिक्षक राजेश शर्मा को नोटिस जारी किया गया है। उन्हें निर्देशित किया गया है कि पत्र प्राप्ति के 3 दिनों के भीतर साक्ष्य सहित स्पष्टीकरण प्रस्तुत करें। निर्धारित समय-सीमा में संतोषजनक जवाब न मिलने पर संबंधितों के विरुद्ध एकपक्षीय अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।