एसईसीएल ने 65 टीबी मरीजों को गोद लेकर उपलब्ध कराया पोषण आहार
जिला प्रशासन के प्रयासों से टीबी मरीजों को मिला सहयोग
सूरजपुर- देश को वर्ष 2030 तक टीबी मुक्त बनाने के लक्ष्य के तहत संचालित प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान को जिले में प्रभावी रूप से आगे बढ़ाने की दिशा में जिला प्रशासन द्वारा निरंतर प्रयास किया जा रहा है। इसी क्रम में कलेक्टर रेना जमील के नेतृत्व में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. के.डी. पैकरा के विशेष प्रयासों से एसईसीएल विश्रामपुर क्षेत्र ने अपने सीएसआर मद के अंतर्गत सूरजपुर एवं रामानुजनगर विकासखंड के 65 टीबी मरीजों को गोद लिया है। ताकि टीबी मरीजों को उपचार अवधि के दौरान आवश्यक पोषण उपलब्ध कराकर उनके स्वास्थ्य सुधार में सहयोग किया जा सके तथा उन्हें नियमित रूप से उपचार मिल सके।
जिला चिकित्सालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में एसईसीएल विश्रामपुर क्षेत्र के महाप्रबंधक संजय कुमार सिंह द्वारा चिन्हित सभी 65 टीबी मरीजों को विशेष फूड बास्केट एवं पोषण आहार का वितरण किया गया। पोषण किट में मरीजों के स्वास्थ्य एवं उपचार के दौरान आवश्यक पोषक तत्वों की पूर्ति में सहायक खाद्य सामग्री शामिल की गई है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एसईसीएल विश्रामपुर क्षेत्र के महाप्रबंधक संजय कुमार सिंह ने कहा कि टीबी जैसी बीमारी से लड़ने में दवाइयों के साथ संतुलित एवं पौष्टिक आहार की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। प्रधानमंत्री के टीबी मुक्त भारत के संकल्प को साकार करने में एसईसीएल प्रबंधन सामाजिक दायित्व के तहत निरंतर सहयोग के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम में सिविल सर्जन डॉ. अजय मरकाम ने टीबी मरीजों एवं उनके परिजनों को उपचार के दौरान पौष्टिक आहार के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने मरीजों से अपील की कि वे नियमित रूप से दवाइयों का सेवन करें और चिकित्सकों द्वारा निर्धारित उपचार की अवधि को पूरा करें।
जिला क्षय उन्मूलन अधिकारी डॉ. राजेश पैकरा ने पोषण आहार में शामिल खाद्य सामग्री एवं उसके पोषण संबंधी महत्व की जानकारी दी। उन्होंने टीबी के प्रमुख लक्षणों, नियमित दवा सेवन की आवश्यकता तथा शासन द्वारा टीबी मरीजों के लिए उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं एवं सेवाओं के संबंध में भी जानकारी दी।