सूरजपुर- विकसित भारत-जी राम जी योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में निर्मित नवीन तालाब ने गांव में जल संरक्षण को मजबूत आधार देने के साथ ही खेती और ग्रामीण आजीविका को नई दिशा दी है। कभी गर्मियों में पानी के लिए जूझने वाली ग्राम पंचायत तरका अब पानी की सुरक्षा और समृद्धि का आधार बनकर उभरा है।
वीबीजी राम जी योजना के अंतर्गत जिला प्रशासन के द्वारा पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के माध्यम से पंचायत तरका में 19.40 लाख रुपये की लागत से नवीन तालाब का निर्माण कराया गया। योजना के माध्यम से तैयार इस जल संरचना का उद्देश्य वर्षा जल का अधिकतम संचयन कर ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर जल सुरक्षा उपलब्ध कराना है। निर्माण के दौरान तकनीकी मानकों का विशेष ध्यान रखते हुए तालाब की चौड़ाई, ऊंचाई और गहराई निर्धारित की गई, ताकि वर्षा जल का सुरक्षित एवं दीर्घकालिक संचयन सुनिश्चित हो सके।
तालाब की गहरी संरचना के कारण जलभराव क्षमता में वृद्धि हुई है। इससे बारिश के पानी को रोकने और लंबे समय तक संरक्षित रखने में मदद मिल रही है। गर्मी के दिनों में भी पानी की उपलब्धता बनाए रखने की दिशा में यह तालाब ग्रामीणों के लिए महत्वपूर्ण सहारा बन रहा है।
वीबीजी राम जी योजना के तहत निर्मित तालाब का प्रभाव अब गांव के खेतों में भी दिखाई दे रहा है। वर्षा जल के संचयन से आसपास के क्षेत्रों में नमी बनी रहने लगी है, जिससे किसानों को खेती के लिए बेहतर जल उपलब्धता मिल रही है। जिन खेतों में पहले पानी की कमी के कारण फसल प्रभावित होती थी, वहां अब किसान अधिक भरोसे के साथ खेती कर पा रहे हैं।
वीबीजी राम जी योजना का लाभ केवल तालाब निर्माण तक सीमित नहीं रहा। निर्माण कार्य के दौरान स्थानीय ग्रामीणों को रोजगार के अवसर भी प्राप्त हुआ है। कार्य पूरा होने के बाद तालाब से प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से लगभग 1,200 ग्रामीण लाभान्वित हो रहे हैं। योजना के माध्यम से एक ओर जहां ग्रामीणों को रोजगार मिला, वहीं दूसरी ओर निर्मित जल संरचना ने गांव की दीर्घकालिक जल जरूरतों को पूरा करने की दिशा में मजबूत आधार तैयार किया है।
ग्राम पंचायत तरका का यह नवीन तालाब
ग्रामीणों के लिए जल संरक्षण, कृषि विकास, रोजगार और आजीविका के नए अवसरों का आधार बन गया है। बारिश के पानी को सहेजकर गांव के भविष्य को सुरक्षित करने की दिशा में यह प्रयास आने वाले वर्षों में भी ग्रामीणों के लिए उपयोगी साबित होगा।