---Advertisement---

नेशनल लोक अदालत 12 सितंबर को- प्रचार वाहन को प्रधान जिला न्यायाधीश ने दिखाई हरी झंडी

Follow Us
Spread the love

सूरजपुर- आगामी 12 सितंबर 2026 को तीसरी नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया जाना है। लोक अदालत के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं आम नागरिकों को इसके माध्यम से मिलने वाली विधिक सुविधाओं और लाभों की जानकारी पहुंचाने के उद्देश्य से जिला न्यायालय परिसर, सूरजपुर से प्रचार वाहन रवाना किया गया।

                इस अवसर पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सूरजपुर थॉमस एक्का द्वारा प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। प्रचार वाहन जिले के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर आम नागरिकों को आगामी नेशनल लोक अदालत में अपने प्रकरणों के निराकरण के लिए उपलब्ध अवसरों के संबंध में जागरूक करेगा। प्रचार वाहन के माध्यम से लोगों को लोक अदालत की प्रक्रिया, इसके लाभ तथा सुलह-समझौते के माध्यम से विवादों के सरल एवं त्वरित समाधान की जानकारी दी जाएगी।

               नेशनल लोक अदालत में न्यायालय में लंबित प्रकरणों के साथ-साथ प्री-लिटिगेशन प्रकरणों का भी आपसी सहमति एवं सुलह-समझौते के आधार पर निराकरण किया जाता है। लोक अदालत के माध्यम से पक्षकारों को लंबी न्यायिक प्रक्रिया से राहत मिलने के साथ ही समय एवं धन की बचत होती है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा आमजन को इस अवसर का अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

                इस दौरान अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश फास्ट ट्रैक कोर्ट आनंद प्रकाश वारियाल, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव पायल टोपनो, पूर्व अधिवक्ता संघ अध्यक्ष जी.एस. मिश्रा सहित अन्य अधिवक्तागण एवं न्यायालयीन कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

                  जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सूरजपुर ने जिले वासियों से अपील की है कि वे 12 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाली नेशनल लोक अदालत में अपने लंबित अथवा प्री-लिटिगेशन प्रकरणों के समाधान के लिए आगे आएं। आपसी सहमति और सुलह-समझौते से विवादों का समाधान कर सरल, त्वरित एवं सुलभ न्याय प्राप्त किया जा सकता है।

क्राइम न्यूज़

Leave a Comment