---Advertisement---

सूरजपुर: परसिया में बदहाल सड़क को लेकर भूख हड़ताल के छठे दिन पहुंचा प्रशासन, PMGSY के तहत 6 माह में निर्माण का लिखित भरोसा

Follow Us
Spread the love

सूरजपुर/भैयाथान- जिले के भैयाथान विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत परसिया में बदहाल सड़क की समस्या को लेकर ग्रामीणों की अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल मंगलवार को छठवें दिन भी जारी रही। ग्रामीण 3 सितंबर 2026 से शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पूर्व में एसडीएम को लिखित सूचना देने के बावजूद शुरुआती पांच दिनों तक प्रशासन की ओर से सुध नहीं ली गई और अनशनकारियों के स्वास्थ्य परीक्षण के लिए उन्हें स्वयं निजी खर्च पर डॉक्टर बुलाना पड़ा। इस बीच आम आदमी पार्टी के प्रतिनिधिमंडल और जिला अध्यक्ष रवि जायसवाल ने भी अनशन स्थल पहुंचकर ग्रामीणों की मांग का समर्थन किया।

दस्तावेजों के साथ मौके पर पहुंचा अमला, लिखित आश्वासन सौंपा

आंदोलन के छठवें दिन भैयाथान जनपद पंचायत के सीईओ, PMGSY कार्यपालन अभियंता (EE), एसडीओ और संबंधित तकनीकी अमला मौके पर पहुंचा। अधिकारियों ने ग्रामीणों से चर्चा कर आधिकारिक लिखित पत्र सौंपा। पत्र के अनुसार:

परसिया-सुपामाड़ा मार्ग को PMGSY 2026–27 (Batch-1) के प्रस्ताव में शामिल किया गया है।

STA से स्वीकृति मिलते ही लगभग 6 माह के भीतर सड़क का निर्माण कार्य शुरू कराने की प्रक्रिया की जाएगी।

संलग्न प्रस्ताव सूची में इस सड़क को वरीयता क्रम में दर्ज दिखाया गया है।

तात्कालिक राहत के लिए मुरुम डालने के निर्देश

वर्तमान में बरसात और कीचड़ के चलते ग्रामीणों व स्कूली बच्चों को हो रही आवागमन की दिक्कत को देखते हुए जनपद सीईओ ने ग्राम पंचायत परसिया के सरपंच एवं सचिव को निर्देशित किया है कि सड़क पर जहां-जहां आवश्यकता है, वहां तत्काल मुरुम/मिट्टी डालकर मार्ग को सुचारू बनाया जाए।

लिखित आश्वासन के बाद भी ग्रामीणों का रुख सतर्क

स्थानीय ग्रामीणों ने कहा कि वे प्रशासन के लिखित आश्वासन और दस्तावेजों का संज्ञान ले रहे हैं, लेकिन जब तक धरातल पर वास्तविक काम शुरू नहीं होता, तब तक उनकी निगरानी बनी रहेगी। ग्रामीणों ने स्वास्थ्य एवं सुरक्षा व्यवस्था में हुई प्रशासनिक देरी पर अपनी आपत्ति भी दर्ज कराई।

क्राइम न्यूज़

Leave a Comment