---Advertisement---

औद्योगिक एवं गैर घरेलू श्रेणी के बकायादार उपभोक्ताओं पर कार्रवाई

Follow Us
Spread the love

मास डिस्कनेक्शन अभियान में 72 विद्युत कनेक्शन विच्छेदित, 5.41 लाख रुपये की बकाया राशि वसूल

बकाया देयकों का समय पर भुगतान करने उपभोक्ताओं से अपील

सूरजपुर- छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत कंपनियों के निर्देशन में सूरजपुर संभाग में अधीक्षण यंत्री राजेश लकड़ा, वृत्त बैकुण्ठपुर के मार्गदर्शन में विद्युत देयकों के बकायादार उपभोक्ताओं के विरुद्ध बड़े स्तर पर कार्रवाई की गई। 03 सितंबर 2026 को संभाग के अंतर्गत मास डिस्कनेक्शन अभियान चलाकर औद्योगिक एवं गैर घरेलू श्रेणी के बकायादार उपभोक्ताओं के विद्युत कनेक्शन विच्छेदित किया गया।अभियान के अंतर्गत कुल 72 विद्युत कनेक्शन विच्छेदित किया गया तथा कार्रवाई के दौरान कुल 5.41 लाख रुपये की बकाया राशि वसूल की गई।

                अभियान के सफल क्रियान्वयन के लिए 10 टीमों का गठन किया गया था। जिसके तहत सूरजपुर, रामानुजनगर, विश्रामपुर, भैयाथान एवं प्रतापपुर उपसंभागों के अंतर्गत आने वाले सभी 16 वितरण केंद्रों के कनिष्ठ यंत्रियों एवं सहायक यंत्रियों द्वारा किया गया। गठित टीमों ने संबंधित क्षेत्रों में बकायादार उपभोक्ताओं के विरुद्ध नियमानुसार विद्युत विच्छेदन की कार्रवाई की।

                    अभियान के दौरान बकाया राशि का भुगतान नहीं करने वाले 39 औद्योगिक उपभोक्ताओं के विद्युत कनेक्शन विच्छेदित किया गया। इन उपभोक्ताओं पर कुल 55.73 लाख रुपये की राशि बकाया थी। कार्रवाई के दौरान कुछ उपभोक्ताओं द्वारा बकाया राशि जमा किए जाने पर विभाग को 2.7 लाख रुपये की राशि प्राप्त हुई। भुगतान करने वाले उपभोक्ताओं के विद्युत कनेक्शन नियमानुसार बहाल किया गया।

                    इसी प्रकार गैर घरेलू श्रेणी के 33 बकायादार उपभोक्ताओं के कनेक्शन भी विच्छेदित किया गया। इन उपभोक्ताओं पर कुल 44.31 लाख रुपये की बकाया राशि थी। कार्रवाई के दौरान संबंधित उपभोक्ताओं से 2.71 लाख रुपये का भुगतान प्राप्त हुआ। बकाया राशि जमा करने के पश्चात संबंधितों का विद्युत कनेक्शन बहाल कर दिया गया।

                   कार्यपालन यंत्री सचिन उत्तरवार ने बताया कि उच्चाधिकारियों के निर्देशानुसार विद्युत देयकों के बकायादार उपभोक्ताओं के विरुद्ध अभियान चलाया गया है। उन्होंने बताया कि बकाया विद्युत देयकों का भुगतान नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के विरुद्ध विद्युत विच्छेदन की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।उन्होंने बताया कि आगामी सप्ताह से घरेलू उपभोक्ताओं सहित अन्य सभी श्रेणियों के बकायादार उपभोक्ताओं के विरुद्ध भी विद्युत कनेक्शन विच्छेदन की कार्रवाई की जाएगी।

                  विद्युत विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील करते हुए कहा कि वे अपने विद्युत देयकों का समय पर भुगतान करें और बकाया राशि लंबित न रखें, ताकि विद्युत कनेक्शन विच्छेदन जैसी कार्रवाई से बचा जा सके।

Related News

सूरजपुर की ताजा खबरे

क्राइम न्यूज़

Leave a Comment