---Advertisement---

तकनीक बदले पर रोजगार न छीने—स्मार्ट मीटर के विरोध में उतरे मीटर रीडर, सूरजपुर कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

Follow Us
Spread the love

प्रदेशभर के 5000 मीटर रीडरों के सामने रोजी-रोटी का संकट, अनुभव के आधार पर विद्युत विभाग के अन्य कार्यों में समायोजन की उठाई मांग

सूरजपुर- विद्युत मीटर रीडर श्रमिक संघ छत्तीसगढ़ के आह्वान पर बुधवार को सूरजपुर जिले के मीटर रीडरों के एक प्रतिनिधिमंडल ने जिला कलेक्टर से मुलाकात कर अपनी समस्याओं और मांगों को लेकर एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा। संघ ने प्रदेशभर में लागू की जा रही स्मार्ट मीटर, प्रीपेड मीटर और ऑटो पंचिंग प्रणाली से मीटर रीडरों के भविष्य पर मंडरा रहे खतरे को रेखांकित करते हुए रोजगार संरक्षण की गुहार लगाई है।

5000 कर्मियों के रोजगार पर संकट

ज्ञापन में संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि छत्तीसगढ़ के विद्युत विभाग में लगभग 5,000 मीटर रीडर पिछले 10 से 15 वर्षों से लगातार अपनी सेवाएं दे रहे हैं। अधिकांश मीटर रीडरों की उम्र अब 40 से 50 वर्ष के बीच पहुंच चुकी है। ऐसे में इस उम्र में अचानक कार्य से बाहर किए जाने पर उनके समक्ष आजीविका का गंभीर संकट खड़ा हो जाएगा।

अनुभव के आधार पर समायोजन की मांग

संघ का कहना है कि मीटर रीडर केवल मीटर रीडिंग ही नहीं, बल्कि उपभोक्ताओं के केवाईसी (KYC), बिलिंग, मीटर सत्यापन, उपभोक्ता सर्वे, डाटा सत्यापन और शिकायतों के निराकरण जैसे कई महत्वपूर्ण फील्ड कार्यों को बखूबी संभालते आए हैं।

प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर के माध्यम से मांग रखी कि-

तकनीक में बदलाव होने पर अनुभवी कर्मचारियों को बेरोजगार करने के बजाय उनके 10-15 वर्षों के अनुभव व कार्यकुशलता को देखते हुए विद्युत विभाग के अन्य कार्यों में प्राथमिकता के आधार पर समायोजित किया जाए।

जब तक अंतिम निर्णय नहीं हो जाता, तब तक उपलब्ध विभागीय कार्यों में उनकी सेवाएं निरंतर जारी रखी जाएं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रकरण को छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (CSPDCL) और ऊर्जा विभाग को प्रेषित कर ठोस निर्णय लेने की अनुशंसा की जाए।

संघ के पदाधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि वे तकनीकी विकास के विरोधी नहीं हैं, लेकिन व्यवस्था परिवर्तन का खामियाजा दशकों से ईमानदारी से सेवा दे रहे कर्मचारियों को भुगतना पड़े, यह न्यायसंगत नहीं है। इस दौरान संघ के प्रमुख पदाधिकारी व बड़ी संख्या में मीटर रीडर उपस्थित रहे।

Related News

सूरजपुर की ताजा खबरे

क्राइम न्यूज़

Leave a Comment