सूरजपुर- प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत सूरजपुर जिले में ग्रामीण परिवारों को पक्के एवं सुरक्षित आवास उपलब्ध कराने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम कलेक्टर रेना जमील एवं जिला पंचायत सीईओ विजेंद्र सिंह पाटले के मार्गदर्शन में जिले के 3541 पीएम आवासों में हितग्राहियों का गृह प्रवेश कार्यक्रम आयोजित किया गया।
जिले के विभिन्न जनपद पंचायतों में उक्त अवधि में पूर्ण हुए आवासों का जनपद एवं ग्राम पंचायत के अधिकारी कर्मचारी एवं जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में विधिवत गृह प्रवेश कराया गया। इस दौरान हितग्राहियों एवं उनके परिवारों में अपने स्वयं के पक्के आवास का सपना पूरा होने पर उत्साह एवं खुशी का माहौल रहा।
सूरजपुर जिले में विकासखण्ड भैयाथान अंतर्गत 708, ओड़गी के 975, प्रतापपुर में 733, प्रेमनगर में 173, रामानुजनगर में 131 तथा सूरजपुर मे 821 लाभार्थी कुल 3541 परिवारों को पक्के आवासों की चाबी सौंपी गई।
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के पात्र परिवारों को मूलभूत सुविधाओं से युक्त पक्का आवास उपलब्ध कराया जा रहा है। नवनिर्मित आवासों में गृह प्रवेश के साथ ही इन परिवारों को सुरक्षित जीवन की नई शुरुआत मिली है।
शेष आवासों को भी पूर्ण कराने जिला प्रशासन द्वारा आवास निर्माण की निरंतर मॉनिटरिंग की जा रही है तथा हितग्राहियों को आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जा रहा है, ताकि पात्र परिवारों को योजना का लाभ समयबद्ध रूप से प्राप्त हो सके।