संगठन के शीर्ष नेतृत्व के साथ सूरजपुर जिलाध्यक्ष आकाश साहू ने संभाली जिम्मेदारी
सूरजपुर- दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव 2026 को लेकर चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है। संगठन को मजबूती देने और एनएसयूआई प्रत्याशियों के पक्ष में माहौल बनाने के लिए सूरजपुर एनएसयूआई जिलाध्यक्ष आकाश साहू अपनी टीम के साथ देश की राजधानी दिल्ली पहुंचे। उन्होंने संगठन के राष्ट्रीय कार्यालय में चुनावी रणनीतियों में हिस्सा लिया और हॉस्टलों में सघन जनसंपर्क अभियान चलाया।
पीजी हॉस्टलों में संपर्क, छात्रों से मांगा समर्थन- सूरजपुर जिलाध्यक्ष आकाश साहू ने ईस्ट दिल्ली क्षेत्र के विभिन्न पीजी और छात्रावासों का दौरा कर छात्र-छात्राओं से सीधा संवाद स्थापित किया। उन्होंने छात्रों को एनएसयूआई पैनल के पक्ष में मतदान करने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि एनएसयूआई हमेशा से छात्रों के अधिकार, सस्ती व सुलभ शिक्षा और कैंपस में लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए अग्रणी भूमिका निभाती आई है। उन्होंने दावा किया कि मौजूदा छात्र विरोधी नीतियों से त्रस्त होकर अब छात्र बदलाव के मूड में हैं।
राष्ट्रीय कार्यालय में चुनावी रणनीति पर मंथन- प्रचार अभियान के साथ-साथ आकाश साहू ने नई दिल्ली स्थित एनएसयूआई राष्ट्रीय कार्यालय पहुंचकर संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों से मुलाकात की और चुनाव प्रबंधन से जुड़े दायित्वों का निर्वहन किया। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई सिर्फ छात्रसंघ चुनाव तक सीमित नहीं है, बल्कि छात्रों के भविष्य, रोजगार और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को बचाने का संघर्ष है। इस दौरान बड़ी संख्या में एनएसयूआई कार्यकर्ता और छात्र प्रतिनिधि मौजूद रहे।