चुनाव प्रचार के दौरान किए गए वादे की दिलाई याद, एसईसीएल पर निर्भरता खत्म कर सीएसईबी से बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग
सूरजपुर/विश्रामपुर- नगर पंचायत विश्रामपुर के वंचित क्षेत्रों में स्थायी विद्युत कनेक्शन दिलाने की मांग को लेकर भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के विश्रामपुर मंडल अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह ने प्रेमनगर विधायक भूलन सिंह मरावी से मुलाकात कर उन्हें ध्यानाकर्षण पत्र सौंपा। पत्र के माध्यम से उन्होंने नगरवासियों की गंभीर विद्युत समस्या से अवगत कराते हुए चुनाव के दौरान किए गए संकल्प को पूरा करने का आग्रह किया।
एसईसीएल पर निर्भर सैकड़ों परिवार, पेयजल व्यवस्था भी प्रभावित
विधायक को सौंपे गए पत्र में उल्लेख किया गया है कि नगर पंचायत विश्रामपुर क्षेत्र की बड़ी बसाहट के पास अब तक स्वयं का स्थायी बिजली कनेक्शन नहीं है। नगर के सैकड़ों परिवार अपनी दैनिक विद्युत आपूर्ति के लिए पूरी तरह एसईसीएल पर निर्भर हैं। यहां तक कि नगर पंचायत कार्यालय सहित विभिन्न सार्वजनिक स्थलों की पेयजल आपूर्ति व्यवस्था भी इसी विद्युत लाइन पर आश्रित है। इसके चलते आए दिन नगरवासियों और एसईसीएल प्रबंधन के बीच तनाव व विवाद की स्थिति निर्मित होती है, जिससे नागरिकों को भारी मानसिक तनाव से गुजरना पड़ता है।
चुनावी संकल्प की दिलाई याद
कांग्रेस अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह ने पत्र के जरिए विधायक का ध्यान आकर्षित कराते हुए कहा कि विधानसभा चुनाव 2023, लोकसभा चुनाव 2024 और नगर पंचायत चुनाव के दौरान क्षेत्र की जनता से सीएसईबी का स्थायी विद्युत कनेक्शन दिलाने का वादा किया गया था। इस भरोसे पर जनता ने भाजपा प्रत्याशियों को जीत भी दिलाई, लेकिन लंबा समय बीत जाने के बाद भी अब तक वंचित क्षेत्रों में एक भी स्थायी विद्युत कनेक्शन उपलब्ध नहीं कराया जा सका है।
यथाशीघ्र समाधान की मांग
धर्मेंद्र सिंह ने इसे जनहित और क्षेत्र की सबसे बुनियादी आवश्यकता बताते हुए विधायक भूलन सिंह मरावी से मांग की कि जनाकांक्षाओं के अनुरूप सीएसईबी से स्थायी कनेक्शन लगवाने की प्रक्रिया को प्राथमिकता के साथ पूरा कराएं, ताकि विश्रामपुर की जनता को बिजली की अनिश्चितता और संकट से राहत मिल सके।