---Advertisement---

108 संजीवनी एक्सप्रेस बनी देवदूत: दरिमा की टीम ने सूरजपुर के बेलटिकरी पहुंचकर रास्ते में कराया सुरक्षित प्रसव, जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ

Follow Us
Spread the love

दर्द से कराह रही प्रसूता के लिए फरिश्ता बना एंबुलेंस स्टाफ, जिला प्रबंधक राकेश कुमार सूतवंशी व प्रोजेक्ट मैनेजर शैलेश इंदौरिया के कुशल मार्गदर्शन से मिली सफलता

सूरजपुर- आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं में संजीवनी का कार्य कर रही 108 एंबुलेंस सेवा ने एक बार फिर अपनी तत्परता और सूझबूझ से मानवता की मिसाल पेश की है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दरिमा (सरगुजा) लोकेशन की 108 एंबुलेंस टीम ने सीमावर्ती सूरजपुर जिले के ग्राम बेलटिकरी पहुंचकर गंभीर स्थिति में फंसी प्रसूता का रास्ते में ही सुरक्षित प्रसव कराकर जच्चा और बच्चा दोनों की जान बचाई।

अस्पताल ले जाते समय रास्ते में बढ़ी प्रसव पीड़ा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सूरजपुर जिले के ग्राम बेलटिकरी निवासी शांति सरुता को प्रसव पीड़ा शुरू होने पर परिजनों द्वारा आपातकालीन सेवा 108 पर सूचना दी गई। सूचना मिलते ही दरिमा लोकेशन की 108 एंबुलेंस टीम बिना समय गंवाए तत्काल मौके के लिए रवाना हुई। महिला को एंबुलेंस से अस्पताल ले जाया जा रहा था, तभी मंगलवार शाम लगभग 4:15 बजे रास्ते में प्रसूता का दर्द असहनीय हो गया और डिलीवरी का समय निकट आ गया।

ईएमटी और पायलट ने दिखाई सूझबूझ

स्थिति की गंभीरता और संवेदनशीलता को भांपते हुए पायलट अतुल कुशवाहा ने वाहन को सुरक्षित स्थान पर रोका। इसके बाद ईएमटी सुभाष दास ने तत्परता दिखाते हुए एंबुलेंस में उपलब्ध इमरजेंसी डिलीवरी किट की मदद से परिजनों की मौजूदगी में सूझबूझ के साथ सुरक्षित प्रसव कराया। सुरक्षित प्रसव के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली। प्राथमिक उपचार और आवश्यक देखभाल के बाद जच्चा एवं नवजात शिशु दोनों को सुरक्षित नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां दोनों पूरी तरह स्वस्थ हैं।

मार्गदर्शन और बेहतर प्रशिक्षण का दिखा असर

गौरतलब है कि सरगुजा जिला प्रबंधक राकेश कुमार सूतवंशी एवं प्रोजेक्ट मैनेजर शैलेश इंदौरिया के कुशल मार्गदर्शन में 108 के ईएमटी और पायलट स्टाफ को लगातार उच्चस्तरीय व व्यावहारिक आपातकालीन प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसी नियमित मॉनिटरिंग और मजबूत कार्यप्रणाली का परिणाम है कि जिले की टीमें पूरे छत्तीसगढ़ में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जटिल परिस्थितियों में भी त्वरित जीवन रक्षा का कार्य कर रही हैं। पीड़ित परिवार व ग्रामीणों ने 108 स्टाफ की त्वरित सेवा और सेवाभाव के लिए आभार व्यक्त करते हुए उनकी भूरि-भूरि प्रशंसा की है।

Related News

सूरजपुर की ताजा खबरे

क्राइम न्यूज़

Leave a Comment