---Advertisement---

क्षेत्र के विकास को नई रफ्तार: डुमरिया, शिवप्रसादनगर, केंवरा 18 किमी सड़क चौड़ीकरण का कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने किया भूमिपूजन

Follow Us
Spread the love

राष्ट्रीय राजमार्ग-43 से जुड़ेगा ग्रामीण अंचल, मंत्री बोलीं— सड़क निर्माण में गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं, जनता एस्टीमेट हाथ में लेकर खुद करे निगरानी

सूरजपुर/भैयाथान- विकासखंड भैयाथान अंतर्गत बहुप्रतीक्षित डुमरिया एनएच-43 से शिवप्रसादनगर होते हुए केंवरा तक 18 किलोमीटर मुख्य मार्ग के चौड़ीकरण एवं उन्नयन कार्य का बुधवार को विधिवत भूमिपूजन संपन्न हुआ। छत्तीसगढ़ शासन की महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने शिवप्रसादनगर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच फावड़ा चलाकर व भूमि पूजन कर बहुप्रतीक्षित विकास कार्य की आधारशिला रखी। लंबे समय से बदहाली और जानलेवा गड्ढों की मार झेल रहे क्षेत्रवासियों की मांग पूरी होने से ग्रामीणों व व्यापारियों में भारी उत्साह देखा गया।

30.41 करोड़ का तकनीकी प्राक्कलन, गुणवत्ता पर पैनी नजर रखने का आह्वान

समारोह को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि जब किसी विकास कार्य का भूमिपूजन होता है, तो मन गर्व से भर जाता है कि क्षेत्र में विकास की नई लहर दौड़ रही है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग-43 से केंवरा तक 18 किलोमीटर सड़क निर्माण का तकनीकी प्राक्कलन 30.41 करोड़ रुपये का था, जिसे शासन स्तर से अंतिम स्वीकृति 25 करोड़ की प्राप्त हुई है।

मंत्री ने उपस्थित ग्रामीणों व कार्यकर्ताओं से दो टूक शब्दों में कहा कि सड़क निर्माण की स्वीकृति लाना जनप्रतिनिधि का काम है, लेकिन निर्माण के दौरान गुणवत्ता की निगरानी करना क्षेत्र की जनता की भी साझी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा, ऐसा न हो कि आज सड़क बने और चार महीने बाद पहली ही बरसात में वह फिर गड्ढों में तब्दील हो जाए। सभी ग्रामीण निर्माण एस्टीमेट को समझें, कितनी गिट्टी, डामर और सामग्री लग रही है, नाली का निर्माण कहाँ हो रहा है—इस पर ठेकेदार से सवाल करें और पैनी नजर रखें।” उन्होंने बताया कि परियोजना को पूरा होने में लगभग 8 से 9 महीने का समय लगेगा।

6,570 मीटर नाली, पुलिया और रिटेनिंग वॉल का होगा निर्माण

परियोजना के तकनीकी विवरण के अनुसार, 18 किलोमीटर लंबे इस मार्ग को बिटुमिनस कंक्रीट (पक्का डामरीकरण) और दोनों ओर चौड़े शोल्डर के साथ उच्च मापदंडों पर तैयार किया जाएगा। मार्ग में जलभराव रोकने के लिए 6,570 मीटर लंबी पक्की नाली, 300 मीटर टो-वॉल, 140 मीटर रिटेनिंग वॉल तथा जल निकासी के लिए 8 एचपीसी और 7 स्लैब पुलियों का निर्माण शामिल है। इससे बरसात के दिनों में सड़क पर पानी भरने की पुरानी समस्या जड़ से खत्म होगी।

मंडल अध्यक्ष बोले- मंत्री जी के प्रयासों से धरातल पर उतरा सपना

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा मंडल अध्यक्ष सुनील साहू ने कहा कि इस मार्ग के चौड़ीकरण की मांग वर्षों से उठ रही थी, लेकिन पिछली सरकारों में इस पर ध्यान नहीं दिया गया। मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के सतत प्रयासों से टेंडर प्रक्रिया पूरी होकर आज भूमिपूजन हुआ है। उन्होंने बताया कि आज भैयाथान मंडल में दो बड़ी सड़कों—डुमरिया से केंवरा और दर्रीपारा से दलौनी खुर्द—का भूमिपूजन हुआ है। साथ ही शिवप्रसादनगर में दुर्गा पूजा मंच के पक्के शेड निर्माण की स्वीकृति भी मंत्री द्वारा दी गई है।

प्रशासनिक अमला व जनप्रतिनिधि रहे उपस्थित

भूमिपूजन अवसर पर एसटी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सत्यनारायण सिंह, भाजपा मंडल अध्यक्ष सुनील साहू, बैगुं सिंह, प्रकाश दुबे, सौरभ साहू, प्रतिमा साहू, सत्या दुबे, राय सिंह, राजेश साहू, राकेश पाठक, अविनाश दुबे, अनिल सिंह, रंजीत सिंह, योगेश सिंह, भैयाथान तहसीलदार उमेश कुशवाहा, उमेश साहू, वीरेंद्र पैकरा, बसदेई चौकी प्रभारी रघुवंश सिंह सहित बड़ी संख्या में क्षेत्र के ग्रामीण, पंचायत प्रतिनिधि और पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

गोबरी नदी के मुख्य पुल पर अब भी संशय, ग्रामीणों में उठा सवाल?

डुमरिया एनएच-43 से शिवप्रसादनगर होते हुए केंवरा तक 18 किलोमीटर सड़क के चौड़ीकरण और उन्नयन के लिए भूमिपूजन होने से क्षेत्र में खुशी का माहौल तो है, लेकिन इस मार्ग की सबसे बड़ी जीवनरेखा यानी गोबरी नदी पर बने मुख्य पुल को लेकर संशय अब भी बरकरार है। ग्रामीण लंबे समय से इस मार्ग के साथ-साथ गोबरी नदी पर नए और ऊंचे पुल के निर्माण की मांग करते आ रहे हैं।

विदित हो कि नदी पर स्थित पुराना पुल पिछले वर्ष अत्यधिक बारिश के चलते टूट गया था, जिससे आवागमन पूरी तरह ठप हो गया और दर्जनों गांवों का संपर्क कट गया। ऐसे में ग्रामीणों के जेहन में यह बड़ा सवाल उठ रहा है कि आखिर इस मुख्य पुल के नए निर्माण की स्वीकृति कब तक होगी और इसका भूमिपूजन कब होगा, जिससे जिला मुख्यालय तक आवागमन सुचारू रूप से बहाल हो सके?

Related News

सूरजपुर की ताजा खबरे

क्राइम न्यूज़

Leave a Comment