एसईसीएल की अघोषित बिजली कटौती से 60–70 वर्षों से परेशान हैं नागरिक, सीएसपीडीसीएल के अधूरे कार्य पूरे होने से मिलेगी निर्बाध विद्युत आपूर्ति
सूरजपुर/विश्रामपुर- नगर पंचायत विश्रामपुर क्षेत्र में वर्षों पुरानी बिजली समस्या के स्थायी समाधान और छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी (CSPDCL) के लंबित विस्तार कार्यों को पूरा कराने के लिए नगर पंचायत उपाध्यक्ष दीपेंद्र सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री को पत्र प्रेषित किया है। उन्होंने जनहित में रुके हुए कार्यों को गति देने के लिए शासन से ₹30 लाख की राशि स्वीकृत करने की मांग की है।
एसईसीएल की कटौती से नागरिक त्रस्त
मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में नगर पंचायत उपाध्यक्ष दीपेंद्र सिंह चौहान ने उल्लेख किया है कि विश्रामपुर नगर पंचायत क्षेत्र में विगत 60 से 70 वर्षों से निवासरत आम नागरिक एसईसीएल (SECL) की विद्युत व्यवस्था पर निर्भर हैं। एसईसीएल प्रबंधन द्वारा आए दिन की जा रही बिजली कटौती के कारण स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और विद्यार्थियों को गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
बजट की कमी से अटका है सीएसपीडीसीएल का विस्तार कार्य
पत्र में बताया गया कि इस समस्या के समाधान के लिए सीएसपीडीसीएल द्वारा विद्युत विस्तार कार्य प्रारंभ किया गया था। किंतु पर्याप्त बजट व राशि के अभाव में यह महत्वपूर्ण कार्य बीच में ही लंबित हो गया। विस्तार कार्य अधूरा रहने के कारण नगरवासियों को समुचित और निर्बाध विद्युत सुविधा का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
30 लाख की वित्तीय स्वीकृति से दूर होगी समस्या
उपाध्यक्ष दीपेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि नगर पंचायत क्षेत्र के समुचित विकास और नागरिकों को पर्याप्त बिजली आपूर्ति उपलब्ध कराने के लिए लगभग ₹30 लाख की आवश्यकता है। उन्होंने जनहित को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री से इस राशि को शीघ्र स्वीकृत कर विद्युत विस्तार के कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराने का आग्रह किया है।