बिलासपुर में 3 अक्टूबर से प्रस्तावित प्रतियोगिता में करेंगे सरगुजा संभाग का प्रतिनिधित्व
सूरजपुर- प्रतिभा, अनुशासन और निरंतर अभ्यास के बल पर शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रामानुजनगर के विद्यार्थी अभिषेक कुमार सिंह ने कबड्डी में अपनी अलग पहचान बनाई है। अंबिकापुर में आयोजित संभाग स्तरीय शालेय खेल प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए उन्होंने राज्य स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता में अपना स्थान बनाया है।
प्रतियोगिता में विद्यालय के कक्षा 12वीं के छात्र अभिषेक ने अंडर-19 कबड्डी स्पर्धा में खेल कौशल, आत्मविश्वास और जुझारूपन का परिचय दिया। मैदान में उनके दमदार प्रदर्शन और बेहतर खेल तकनीक के आधार पर चयनकर्ताओं ने उन्हें राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चुना। आगामी राज्य स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता 3 अक्टूबर 2026 से बिलासपुर में प्रस्तावित है, जिसमें अभिषेक सरगुजा संभाग का प्रतिनिधित्व करेंगे।
सूरजपुर कलेक्टर ने दी बधाई एवं शुभकामनाएं
अभिषेक की इस उपलब्धि पर कलेक्टर रेना जमील ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि अभिषेक ने अनुशासन और निरंतर अभ्यास से विद्यालय एवं जिले का मान बढ़ाया है। अभिषेक की सफलता जिले के अन्य विद्यार्थियों और युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने अभिषेक के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में श्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
अभिषेक के विद्यालय, माता-पिता और ग्राम पंचायत रामानुजनगर में हर्ष का वातावरण है। उनकी सफलता के पीछे माता-पिता के प्रोत्साहन, शिक्षकों के मार्गदर्शन और विद्यालय के खेल प्रभारी श्याम सिंह मरावी के नियमित प्रशिक्षण की महत्वपूर्ण भूमिका रही। खेल प्रभारी मरावी ने विद्यालय स्तर से ही अभिषेक को नियमित अभ्यास कराने के साथ खेल की तकनीक, रणनीति, अनुशासन और प्रतियोगिता के अनुरूप आवश्यक मार्गदर्शन दिया।
विद्यालय के प्राचार्य पी.सी. सोनी ने अभिषेक कुमार सिंह एवं खेल प्रभारी श्याम सिंह मरावी को बधाई देते हुए आगामी प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि अभिषेक की उपलब्धि विद्यालय के अन्य विद्यार्थियों को भी खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।


















