बंदियों से संवाद कर जानीं समस्याएं, स्वास्थ्य सेवाओं एवं विधिक सहायता का लिया जायजा
पात्र बंदियों को निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराने के दिए निर्देश
सूरजपुर- प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सूरजपुर थॉमस एक्का द्वारा जिला जेल सूरजपुर का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जेल की वर्तमान व्यवस्थाओं, बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं, स्वास्थ्य सेवाओं तथा विधिक सहायता की स्थिति परखी गई।
निरीक्षण के दौरान प्रधान जिला न्यायाधीश थॉमस एक्का ने जेल अधीक्षक से बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने खाद्य सामग्री, भोजन, स्वच्छता एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए जेल मैनुअल के अनुरूप बंदियों को सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
संयुक्त निरीक्षण दल द्वारा जेल के भोजनालय का निरीक्षण कर बंदियों के लिए तैयार किए जा रहे भोजन की गुणवत्ता एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। साथ ही जेल में संचालित चिकित्सा केंद्र का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं एवं बंदियों को प्रदान की जा रही चिकित्सा सेवाओं के संबंध में जानकारी ली गई।
निरीक्षण दल द्वारा जेल की विभिन्न बैरकों में जाकर बंदियों से सीधे संवाद किया गया। इस दौरान बंदियों के स्वास्थ्य, विधिक सहायता एवं अन्य समस्याओं के संबंध में जानकारी ली गई। बंदियों द्वारा बताई गई समस्याओं को सुनकर उन्हें उपलब्ध विधिक उपचार एवं सहायता के संबंध में आवश्यक जानकारी प्रदान की गई।
बंदियों को उनके विधिक अधिकारों, जमानत, पैरोल तथा उपलब्ध विधिक सहायता की प्रक्रिया के संबंध में भी सामान्य जानकारी दी गई। साथ ही पात्र बंदियों को निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराने की व्यवस्था के संबंध में अवगत कराया गया।
निरीक्षण के दौरान संबंधितों को सुनिश्चित करने निर्देशित किया गया कि जेल में निरुद्ध प्रत्येक पात्र व्यक्ति को उसके अधिकारों एवं उपलब्ध विधिक सहायता की जानकारी प्राप्त हो तथा आवश्यकतानुसार उसे उचित कानूनी सहायता उपलब्ध कराएं। निरीक्षण के माध्यम से जेल प्रशासन को बंदियों की मूलभूत आवश्यकताओं एवं स्वास्थ्य संबंधी सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए गए।
निरीक्षण के दौरान जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश आनंद प्रकाश वारियाल, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सूरजपुर पायल टोपनो, अपर कलेक्टर जगन्नाथ वर्मा, जिला जेल अधीक्षक विक्रम गुप्ता, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी प्रशांत सिंह, चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल हृदयनारायण श्रीवास्तव, अन्य डिफेंस काउंसिल, अधिवक्ता मनोज सिंह, सहित जेल स्टाफ एवं पी.एल.व्ही. उपस्थित रहे।