सूरजपुर। चौकी बसदेई क्षेत्र अन्तर्गत एक व्यक्ति ने चौकी बसदेई में रिपोर्ट दर्ज कराया कि उसका 9 वर्षीय बालक दिनांक 15.09.2026 को घर से पिताजी के पास जा रहा हॅू बोलकर निकला जो वापस घर नहीं आया, काफी खोजबीन के बाद भी उसका पता नहीं चला। बालक को कोई व्यक्ति बहला फुसलाकर भगाकर ले जाने की रिपोर्ट पर धारा 137(3) बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया।
मामले की सूचना पर पुलिस अधीक्षक सूरजपुर योगेश कुमार पटेल (भापुसे) ने अपहृत बालक की हरसंभव पतासाजी कर जल्द दस्तयाब करने के निर्देश दिए। विवेचना के दौरान चौकी बसदेई पुलिस ने बालक की गहन पतासाजी प्रारंभ किया इसी बीच अपहृत बालक को कल्याण मुम्बई में होने की जानकारी मिली। जिसके बाद विधिवत् पुलिस व सीडब्ल्यूसी की टीम मुम्बई के लिए रवाना हुई और उल्हासनगर के बाल कल्याण समिति महाराष्ट्र से बालक को अपने संरक्षण में प्राप्त कर सकुशल वापस बसदेई लाया गया। बालक को बाल कल्याण समिति के समक्ष पेश किया जहां काउंसलिंग के उपरान्त उसे परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया है। कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन, सीएसपी बेनार्ड कुजूर के मार्गदर्शन में चौकी प्रभारी बसदेई रघुवंश सिंह, प्रधान आरक्षक शिवकुमार सारथी, आरक्षक विकास पटेल व सीडब्ल्यूसी के 2 सदस्य सक्रिय रहे।
पूछताछ पर बालक ने बताया कि पढाई व स्कूल जाने से बचने के लिए 2-3 ट्रेन में सफर करते हुए मुम्बई पहुंच गया था।

















