---Advertisement---

पीजी कॉलेज बैकुंठपुर में कैरियर मार्गदर्शन कार्यशाला का आयोजन

Follow Us
Spread the love

पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी एवं कैरियर को लेकर छात्र-छात्राओं का किया मार्गदर्शन एवं साइबर जाग्रति अभियान के बारे में दी जानकारी

कोरिया- शासकीय पीजी कॉलेज बैकुंठपुर, जिला कोरिया में छात्र-छात्राओं को कैरियर निर्माण, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, साइबर जागृति, यातायात जागरूकता एवं विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विशेष कैरियर मार्गदर्शन कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में मुख्य अतिथि के रूप में पुलिस अधीक्षक कोरिया हरीश राठौर, भा.पु.से. को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया। कार्यक्रम में लगभग 300 छात्र-छात्राओं सहित महाविद्यालय के प्राध्यापकगण एवं पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

कार्यशाला को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर ने छात्र-छात्राओं को PSC, SSC, रेलवे सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के संबंध में महत्वपूर्ण मार्गदर्शन दिया। उन्होंने लक्ष्य निर्धारित कर नियमित अध्ययन, समय-प्रबंधन, अनुशासन एवं निरंतर प्रयास को सफलता का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए विद्यार्थियों को अपने रुचि एवं क्षमता के अनुरूप कैरियर का चयन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के दौरान आने वाली चुनौतियों तथा उनके समाधान के संबंध में भी विद्यार्थियों से संवाद किया।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य एम.सी. हिमधर ने विद्यार्थियों को अनुशासन एवं शिक्षा के प्रति गंभीरता बनाए रखने के संबंध में मार्गदर्शन दिया। Just Right for Children की परियोजना हार्ड संस्था के जिला समन्वयक श्री गोकरण शुक्ला ने बाल विवाह की रोकथाम एवं इसके दुष्परिणामों, साइबर जागृति के संबंध में छात्र-छात्राओं को जागरूक करने के साथ-साथ भारत सरकार द्वारा जारी पुलिस टोल फ्री नंबर 100/112, महिला हेल्पलाइन नम्बर 1090, चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 के संदर्भ में महत्वपूर्ण जानकारी दी। दृष्टि कोचिंग संस्थान के निदेशक प्रशांत राजवाड़े ने विभिन्न प्रेरक उदाहरणों के माध्यम से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास एवं लक्ष्य के प्रति समर्पण की भावना विकसित करने हेतु प्रेरणादायी संबोधन दिया।

साइबर प्रभारी ने विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचाव, ऑनलाइन सुरक्षा एवं डिजिटल माध्यमों के सुरक्षित उपयोग के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी देते हुए साइबर ठगी से बचने के लिए आवश्यक सावधानियां एवं उपयोगी सुरक्षा उपाय बताए। वहीं यातायात विभाग के प्रभारी ने यातायात नियमों, सड़क सुरक्षा एवं सुरक्षित वाहन संचालन के संबंध में उपस्थित विद्यार्थियों को जागरूक किया।

कार्यशाला में पुलिस अधीक्षक कोरिया हरीश राठौर, महाविद्यालय के प्राचार्य एम.सी. हेमधर, Just Right for Children की परियोजना हार्ड संस्था के जिला समन्वयक श्री गोकरण शुक्ला, दृष्टि कोचिंग संस्थान के निदेशक प्रशांत राजवाड़े, साइबर प्रभारी, यातायात प्रभारी, सहित पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं महाविद्यालय के प्राध्यापकगण उपस्थित रहे।

कार्यशाला के समापन अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य एम.सी. हेमधर एवं दृष्टि कोचिंग संस्थान के निदेशक प्रशांत राजवाड़े द्वारा मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर सहित अन्य अतिथियों को स्मृति-चिह्न भेंट कर आभार व्यक्त किया गया।

Related News

क्राइम न्यूज़

Leave a Comment