सूरजपुर। जिले के सुदूरवर्ती क्षेत्र विकासखंड ओड़गी के सेक्टर बिहारपुर अंतर्गत आयुष्मान आरोग्य मंदिर महुली एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिहारपुर का मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रशांत कुमार सिंह ने आकस्मिक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान सीएमएचओ ने स्वास्थ्य केंद्रों में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं, आवश्यक दवाइयों, जांच सुविधाओं, साफ-सफाई, अभिलेखों तथा मरीजों को प्रदान की जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र में आने वाले मरीजों को शासन की विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं एवं उपलब्ध सेवाओं का बेहतर लाभ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता पर जोर
सीएमएचओ डॉ. प्रशांत कुमार सिंह ने स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ अधिकारी-कर्मचारियों से स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन तथा क्षेत्र में संचालित स्वास्थ्य कार्यक्रमों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं नियमित रूप से पहुंचाना विभाग की प्राथमिकता है।
उन्होंने सेवा संकल्प अभियान के तहत स्वास्थ्य संस्थानों में सभी आवश्यक बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा मरीजों को समय पर उपचार एवं आवश्यक सेवाएं प्रदान करने के निर्देश दिए। साथ ही स्वास्थ्य केंद्र में आने वाले प्रत्येक मरीज के साथ संवेदनशील एवं सम्मानजनक व्यवहार करने पर विशेष जोर दिया।
प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान को बेहतर करने के निर्देश
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिहारपुर में प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान की गतिविधियों की भी समीक्षा की गई। सीएमएचओ ने अभियान को और प्रभावी बनाने तथा गर्भवती महिलाओं को समय पर जांच, परामर्श एवं आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि सुदूरवर्ती क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच और गुणवत्ता को लगातार बेहतर बनाना स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी अधिकारी-कर्मचारी अपने दायित्वों का गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ निर्वहन करें।
सायंकाल CHC ओड़गी में CMHO डॉ. प्रशांत सिंह का औचक निरीक्षण
राष्ट्रीय कार्यक्रमों की लक्ष्यवार समीक्षा, शत-प्रतिशत उपलब्धि के दिए निर्देश
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रशांत कुमार सिंह ने सायंकाल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ओड़गी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल के सभी वार्डों एवं कक्षों का विजिट कर स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का जायजा लिया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस दौरान राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की लक्ष्यवार समीक्षा करते हुए सभी कार्यक्रम प्रभारियों, सलाहकारों एवं सुपरवाइजरों से लक्ष्य के विरुद्ध प्राप्त उपलब्धियों की जानकारी ली गई। अधिकारियों-कर्मचारियों को निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करते हुए शत-प्रतिशत उपलब्धि सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान जिला कार्यक्रम प्रबंधक संदीप नामदेव, खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. बंटी बैरागी, प्रभारी अधिकारी सहित स्वास्थ्य विभाग के संबंधित अधिकारी-कर्मचारी एवं स्वास्थ्य केंद्र का स्टाफ उपस्थित रहा।