स्वीकृत 9×11 फीट के बजाय 9×9 फीट पर कॉलम ढालने का आरोप, नींव की खुदाई और कंक्रीटिंग की गुणवत्ता पर उठे गंभीर सवाल, जनपद पंचायत में शिकायत दर्ज
सूरजपुर/भैयाथान- जनपद पंचायत भैयाथान अंतर्गत ग्राम पंचायत कोटया में विधायक मद से स्वीकृत निर्माणाधीन शेड निर्माण कार्य में घोर लापरवाही और तकनीकी मापदंडों की अनदेखी का मामला सामने आया है। निर्माण की गुणवत्ता और तय प्राक्कलन के विपरीत कार्य कराए जाने को लेकर स्थानीय ग्रामीण भृगु प्रसाद राजवाड़े ने मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ), जनपद पंचायत भैयाथान को लिखित शिकायत सौंपकर तकनीकी जांच एवं वैधानिक कार्रवाई की मांग की है।
स्वीकृत माप से कम निर्माण और घटिया सामग्री का आरोप
सीईओ को सौंपे गए शिकायत पत्र में उल्लेख किया गया है कि शेड निर्माण में स्वीकृत प्राक्कलन और निर्धारित तकनीकी मानकों का खुला उल्लंघन किया जा रहा है। शिकायतकर्ता के अनुसार शेड के कॉलम का स्वीकृत माप 9×11 फीट बताया गया है, जबकि मौके पर मात्र 9×9 फीट का ही निर्माण किया जा रहा है। इसके अलावा नींव की गहराई, चौड़ाई तथा गड्ढों की खुदाई निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुसार नहीं की गई है।
कंक्रीटिंग में हनीकॉम्बिंग और गुणवत्ता पर सवाल
मौके की तस्वीरों से भी स्पष्ट दिखाई दे रहा है कि पिलर और बीम की ढलाई में कंक्रीट का सही मिश्रण नहीं किया गया है, जिसके चलते ढलाई के बाद कंक्रीट में बड़े-बड़े सुराख नजर आ रहे हैं और सरिया बाहर दिख रहा है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि निर्माण कार्य में प्रयुक्त सीमेंट, गिट्टी, रेत और सरिया की गुणवत्ता बेहद निम्न स्तर की है, जिससे भविष्य में इस सार्वजनिक शेड की मजबूती और सुरक्षा पर गंभीर खतरा पैदा हो सकता है।
जांच और वसूली की मांग
शिकायतकर्ता ने प्रशासनिक स्वीकृति, तकनीकी स्वीकृति, स्वीकृत प्राक्कलन, कार्यादेश, मेजरमेंट बुक और बिल-वाउचरों की विस्तृत पड़ताल की मांग की है। पत्र में मांग की गई है कि: किसी सक्षम तकनीकी अधिकारी या सब-इंजीनियर से मौके का भौतिक सत्यापन व तकनीकी परीक्षण कराया जाए। मेजरमेंट बुक में दर्ज माप का वास्तविक निर्माण से मिलान कराया जाए। यदि प्राक्कलन से कम माप, घटिया सामग्री और वित्तीय अनियमितता पाई जाती है, तो जिम्मेदार एजेंसी, ठेकेदार व संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई करते हुए शासकीय राशि की वसूली की जाए। मामले में जनपद पंचायत कार्यालय द्वारा शिकायत दर्ज कर ली गई है, वहीं ग्रामीणों की नजर अब प्रशासन द्वारा की जाने वाली निष्पक्ष जांच पर टिकी है।
अधिकारी का पक्ष- मामले में शिकायत प्राप्त हुई है। निर्माणाधीन शेड के संबंध में लगाए गए आरोपों की तकनीकी जांच कराई जाएगी। जांच उपरांत यदि किसी भी प्रकार की अनियमितता या मापदंडों की अनदेखी पाई जाती है, तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
— विनय गुप्ता, मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ), जनपद पंचायत भैयाथान