सूरजपुर। शासकीय रेवती रमण मिश्र स्नातकोत्तर महाविद्यालय, सूरजपुर में सेवा संकल्प पखवाड़ा के अंतर्गत एक दिवसीय भाषण प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एच. एन. दुबे के निर्देशन, सेवा संकल्प पखवाड़ा के जिला नोडल अधिकारी अखिलेश पांडे के मार्गदर्शन तथा कार्यक्रम प्रभारी डॉ. सलीम किस्पोट्टा के नेतृत्व में संपन्न हुआ।
प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने विकसित भारत 2047 और राष्ट्र निर्माण से जुड़े विषयों पर उत्साहपूर्वक अपने विचार रखे। प्रतिभागी सायना परवीन ने कहा, विकसित भारत 2047 महज एक तिथि नहीं, बल्कि एक वादा, एक इरादा और एक साझा जिम्मेदारी है। भारत का इतिहास संघर्ष और सहनशीलता का रहा है, और अब समय आ गया है कि अपने समृद्ध इतिहास को सम्मान देते हुए भविष्य के निर्माण की ओर कदम बढ़ाए जाएं।
वहीं प्रतिभागी साक्षी गुप्ता ने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि शिक्षा, विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में नए प्रयासों के दम पर आज विश्व पटल पर भारत की नई पहचान बनी है। उन्होंने चाणक्य की कूटनीति, श्रीराम के चरित्र, महारानी लक्ष्मीबाई की क्रांति और महारानी पद्मावती के त्याग का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत तेजी से प्रगति के पथ पर अग्रसर है और वह दिन दूर नहीं जब देश पूर्ण रूप से एक सशक्त व विकसित राष्ट्र के रूप में स्थापित होगा।
प्रतियोगिता के मूल्यांकन हेतु प्राध्यापकों का निर्णायक मंडल गठित किया गया था, जिन्होंने विषय-वस्तु, प्रस्तुतीकरण, भाषण शैली और आत्मविश्वास के आधार पर प्रतिभागियों का आकलन किया। कार्यक्रम के समापन पर जिला नोडल अधिकारी अखिलेश पांडे ने छात्रों को प्रेरक उद्बोधन दिया। इसके उपरांत डॉ. रश्मि पांडे सहायक प्राध्यापक अर्थशास्त्र ने प्रतियोगिता के परिणाम घोषित किए।
कार्यक्रम का सफल संचालन आनंद कुमार पैंकरा सहायक प्राध्यापक अर्थशास्त्र द्वारा किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकगण और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। आयोजकों के अनुसार यह आयोजन विद्यार्थियों में अभिव्यक्ति कौशल, सामाजिक सरोकार, सेवा भावना और जिम्मेदार नागरिकता को बढ़ावा देने की दिशा में एक प्रभावी कदम साबित हुआ।


















