संडे मार्केट सहित शहर के प्रमुख इलाकों में थाना प्रभारी विकास देशमुख ने स्टाफ के साथ किया पैदल गश्त
सूरजपुर/ विश्रामपुर। नगर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के उद्देश्य से विश्रामपुर थाना प्रभारी विकास देशमुख ने रविवार को पुलिस स्टाफ के साथ संडे मार्केट सहित शहर के विभिन्न प्रमुख क्षेत्रों में पैदल गश्त की। पुलिस टीम ने बाजार और सार्वजनिक स्थानों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
पैदल गश्त के दौरान पुलिस ने दुकानदारों, व्यापारियों एवं आम नागरिकों से संवाद करते हुए उन्हें किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा अवैध कारोबार की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की। पुलिस की सक्रिय मौजूदगी से जहां आमजन में सुरक्षा का भरोसा नजर आया, वहीं असामाजिक तत्वों और अपराधियों को भी कानून का पालन करने का स्पष्ट संदेश दिया गया।
थाना प्रभारी विकास देशमुख ने कहा कि अपराधियों में पुलिस का खौफ और आम नागरिकों में सुरक्षा का विश्वास कायम रखना पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि क्षेत्र में यदि कहीं भी अवैध गतिविधियां संचालित होने की जानकारी मिले तो बिना संकोच पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
पुलिस की इस तरह की नियमित पैदल गश्त से बाजार क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होने के साथ-साथ पुलिस और आम जनता के बीच बेहतर समन्वय का मेसेज भी गया।